दुर्गा पूजा के दौरान बिजली से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने पूजा आयोजकों और आम लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। निगम ने पूजा पंडालों में सुरक्षित बिजली कनेक्शन लेने, मानक के अनुरूप उपकरणों का इस्तेमाल करने और बिजली के तारों से उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। इस संबंध में निगम की ओर से सूचना जारी की गई है।

वैध कनेक्शन और सुरक्षित उपकरण जरूरी
JBVNL ने कहा है कि पूजा पंडालों में केवल वैध बिजली कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग किया जाए। कनेक्शन के लिए निर्धारित लोड के अनुरूप एमसीबी, आइसोलेटर और मेन स्विच जैसे सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं। इन उपकरणों का इस्तेमाल प्रशिक्षित तकनीकी कर्मियों की देखरेख में होना चाहिए।
सजावट, लाइटिंग और जनरेटर कनेक्शन के लिए इस्तेमाल होने वाले तारों को सुरक्षित तरीके से लगाना जरूरी है। बिजली के केबल और अन्य उपकरणों को ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखने की सलाह दी गई है। पैनल में लगे उपकरणों को ढककर रखने और उन्हें भीड़ से सुरक्षित दूरी पर रखने को भी कहा गया है।
बिजली लाइनों से बनाएं दूरी
निगम ने अपील की है कि पंडालों का निर्माण बिजली लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाकर किया जाए। लोगों को बिजली के खंभों, तारों और अन्य उपकरणों को छूने या किसी डंडे अथवा अन्य माध्यम से उनके संपर्क में आने का प्रयास नहीं करना चाहिए। पंडालों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की निगरानी कंट्रोल पैनल या स्विच पैनल के पास प्रशिक्षित विद्युतकर्मी से कराने की सलाह दी गई है। आग की आशंका को देखते हुए उचित स्थान पर अग्निशामक यंत्र और बालू भरी बाल्टी रखने को भी कहा गया है।
विसर्जन जुलूस में भी सावधानी
मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान भी निगम ने विशेष सतर्कता की अपील की है। वाहनों की छत पर किसी व्यक्ति को न बैठाने और ऐसी कोई सामग्री न रखने को कहा गया है, जिससे बिजली के तारों के संपर्क में आने का खतरा हो। जुलूस में शामिल लोगों को खंभों और तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर
बिजली आपूर्ति में किसी भी समस्या के लिए उपभोक्ता JBVNL के शिकायत निवारण केंद्र से संपर्क कर सकते हैं। निगम ने रांची के बिजली अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं।
विद्युत आपूर्ति अंचल, रांची: 9431135682
जन शिकायत निवारण केंद्र: 9031110118, 9031110119 एवं 9031110120
विद्युत अधीक्षण अभियंता, रांची: 9431135662
आपूर्ति प्रमंडल, रांची (केंद्रीय): 9431135613
आपूर्ति प्रमंडल, डोरंडा: 9431135608
आपूर्ति प्रमंडल, न्यू कैपिटल: 9431135620
आपूर्ति प्रमंडल, रांची (पूर्वी): 9431135614
आपूर्ति प्रमंडल, रांची (पश्चिमी): 9431135664
आपूर्ति प्रमंडल, कोकर: 9431135615
आपूर्ति प्रमंडल, हटिया: 9431135616
निगम का कहना है कि इन नंबरों के जरिए पूजा के दौरान बिजली से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा सकेगा।
इसे भी पढ़े : झारखंड में SIR के अंतिम दिन, चुनाव आयोग ने Form-6 से हटाया माता-पिता-दादा-दादी वाला कॉलम


