रांची। युवा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन जेसीआई (Junior Chamber International) की ओर से आयोजित बहुप्रतीक्षित ‘एक्सपो उत्सव 2026’ की शुरुआत हो चुकी है। सात दिवसीय यह भव्य व्यापार मेला 7 अक्टूबर तक चलेगा। इस वर्ष एक्सपो अपनी 29वीं वर्षगांठ मना रहा है। मेले में देश के अलग-अलग शहरों से आए व्यापारियों और ब्रांड्स के करीब 400 स्टॉल लगाए जा रहे हैं। रविवार की शाम एक्सपो परिसर में लोगों की अच्छी भीड़ देखने को मिली और पूरा परिसर गतिविधियों से गुलजार रहा।
एक्सपो के चीफ कोऑर्डिनेटर जेसी एचजीएफ सीए प्रशांत पाटोदिया ने बताया कि इस वर्ष मेले में अलग-अलग कैटेगरी के स्टॉल लगाए गए हैं। सभी स्टॉल वातानुकूलित हैं। यहां बड़े ब्रांड्स के साथ स्टार्टअप, ऑटोमोबाइल, ड्राई फ्रूट्स समेत कई तरह के उत्पादों के स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
महिला उद्यमियों के लिए अलग पिंक हैंगर
एक्सपो में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विशेष पिंक हैंगर तैयार किया गया है। इसमें सिर्फ महिला उद्यमियों को स्टॉल उपलब्ध कराया गया है। आयोजकों का कहना है कि इसके जरिए महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद और कारोबार को बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिल रहा है।
वहीं, बच्चों के मनोरंजन के लिए एक्सपो परिसर में एम्यूजमेंट पार्क भी बनाया गया है, जहां अलग-अलग तरह के झूले लगाए गए हैं।
बच्चों ने हनुमान चालीसा का किया सामूहिक पाठ
सोमवार को स्वामी सहजानंद ब्रिड्जफोर्ड स्कूल के करीब 100 बच्चे एक्सपो परिसर पहुंचे। बच्चों ने एक सुर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। सामूहिक पाठ ने मेले में मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया और माहौल भक्तिमय हो गया।
इस दौरान सिटी डीएसपी जी के वी रमन ने भी एक्सपो परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने जेसीआई के युवा सदस्यों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के बड़े आयोजन के लिए मेहनत और टीमवर्क की जरूरत होती है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सदस्यों का उत्साह बढ़ाया और शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्हें दुपट्टा और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।
मुफ्त स्वास्थ्य शिविर में लोगों को मिला परामर्श
एक्सपो परिसर में अपोलो क्लिनिक, रांची की ओर से दो दिवसीय नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में फिजिशियन, डेंटल, ईएनटी और डायटीशियन से संबंधित परामर्श उपलब्ध कराया गया।
शिविर में डॉ. सूचित सिन्हा ने फिजिशियन परामर्श, डॉ. रवि रोशन ने डेंटल परामर्श, डॉ. निभा निहारिका ने ईएनटी परामर्श और डॉ. जयंती ने डायटीशियन परामर्श दिया।
योगा प्रतियोगिता में 140 प्रतिभागी, फैशन शो में दिखा डिजाइनरों का हुनर
5 अक्टूबर को एक्सपो परिसर में योगा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 140 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की संयोजिका जेसीरेट रुचिका जैन और जेसीरेट अंकिता अग्रवाल रहीं।
इसी दौरान बुटिक्स एक्सपो फैशन शो भी आयोजित किया गया। इसमें 23 मॉडल्स ने रांची के छह प्रमुख डिजाइनरों के परिधानों को प्रदर्शित किया। कार्यक्रम की संयोजिका जेसीरेट मधु मोदी, जेसीरेट जसलीन कौर, जेसीरेट रुचिका मोदी और जेसी राहुल सिंघानिया रहे।
6 अक्टूबर को भजन जैमिंग, QR कोड से टिकट और रजिस्ट्रेशन
एक्सपो में 6 अक्टूबर को भजन जैमिंग का आयोजन किया जाएगा। इसमें बाहर से आए कलाकार मधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। इस बार एक्सपो में तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया है। लोग क्यूआर कोड के जरिए विभिन्न कार्यक्रमों के लिए रजिस्ट्रेशन करने के साथ एंट्री टिकट भी बुक कर सकते हैं।
‘एक्सपो उत्सव 2026’ के Principal Sponsor पंचरत्न स्काईलाइन हैं, जबकि टैंगो, अल्पाइन और गृहस्थी इसके Powered By पार्टनर हैं। आयोजन में होटल चाणक्य, मोशन, बुद्धा टोयोटा, श्री अलंकार, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, प्रभुजी, वॉव डिटेलिंग, बागला, बलीफिया, NTPC, आराध्या, अपना मार्ट, मी एंड मॉम्स, एटीसी, कैफीनेटर्स और रेडियो धूम समेत कई संस्थान अलग-अलग पार्टनर के रूप में जुड़े हैं।
आयोजन को सफल बनाने में जेसीआई अध्यक्ष जेसी अभिषेक जैन, सचिव जेसी साकेत अग्रवाल, एक्सपो चीफ कोऑर्डिनेटर प्रशांत पाटोदिया सहित विभिन्न पदाधिकारियों और सदस्यों की अहम भूमिका है। यह जानकारी एक्सपो के मीडिया प्रभारी जेसी वरुण जालान ने साझा की।
