Thursday, November 26
-प्रकाश सिंह मामले के दिशा-निर्देशों के विपरीत नियमों पर शीर्ष अदालत ने उठाए थे कड़े सवाल, डीजीपी तदाशा मिश्रा का भी मांगा गया था पक्ष, सीजेआई की पीठ करेगी सुनवाई

रांची। झारखंड में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की नियुक्ति को लेकर चल रहे कानूनी विवाद पर आज सुप्रीम कोर्ट में बेहद अहम सुनवाई होने जा रही है। इस महत्वपूर्ण सुनवाई से ठीक पहले झारखंड सरकार ने अदालत के निर्देशानुसार अपना जवाबी हलफनामा दाखिल कर दिया है।

इस मामले की सुनवाई भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की तीन सदस्यीय पीठ कर रही है। गौरतलब है कि पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड में डीजीपी की नियुक्ति प्रक्रिया को प्रथम दृष्टया ‘प्रकाश सिंह बनाम भारत सरकार’ मामले में दिए गए तीन ऐतिहासिक फैसलों के विपरीत माना था। अदालत ने राज्य सरकार से इस पर जवाब तलब करने के साथ-साथ वर्तमान डीजीपी तदाशा मिश्रा को भी नोटिस जारी कर उनका पक्ष मांगा था।

विवाद का मुख्य केंद्र राज्य सरकार द्वारा डीजीपी नियुक्ति के नियमों में किया गया हालिया संशोधन है। इन संशोधित नियमों के तहत ऐसे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को भी डीजीपी पद के लिए योग्य माना गया है, जिनकी सेवानिवृत्ति में छह महीने से कम का समय शेष बचा है। इसके अलावा, नियुक्ति प्रक्रिया में पूर्वव्यापी सेवा लाभ देने का प्रावधान भी जोड़ा गया है।

सुप्रीम कोर्ट ने इन संशोधित प्रावधानों पर गंभीर चिंता जताते हुए इन्हें प्रथम दृष्टया प्रकाश सिंह मामले में तय किए गए स्पष्ट दिशा-निर्देशों का उल्लंघन माना था। अब आज होने वाली सुनवाई में राज्य सरकार द्वारा दाखिल किए गए हलफनामे, डीजीपी के पक्ष और नियुक्ति से जुड़े संशोधित नियमों की वैधता पर शीर्ष अदालत का रुख बेहद निर्णायक साबित होगा।

Share.
Next Story
दूध उत्पादन में झारखंड का कमाल: रोजाना 93.15 लाख लीटर उत्पादन
Exit mobile version