रांची: चुटिया थाना क्षेत्र में एक 23 वर्षीय युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर करीब एक महीने तक शारीरिक संबंध बनाने, बाद में शादी से इनकार करने और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती ने चुटिया थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी संदीप साहू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पीड़िता के मुताबिक, वह करीब दो महीने पहले रोजगार की तलाश में सिल्ली से रांची आई थी और चुटिया स्थित एक चाय की दुकान में काम कर रही थी। इसी दौरान दुकान के पास रहने वाले संदीप साहू से उसकी पहचान हुई। युवती का आरोप है कि संदीप अक्सर दुकान पर आता था और बातचीत के दौरान उसने उससे शादी करने और उसे अपने साथ रखने का भरोसा दिया। इसी भरोसे के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
युवती ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि शादी का भरोसा देकर आरोपी ने करीब एक महीने तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब भी वह शादी को लेकर बात करती, आरोपी किसी न किसी बहाने से मामला टाल देता और बाद में शादी करने की बात कहता रहा। पीड़िता के अनुसार, 18 सितंबर 2026 को जब उसने शादी को लेकर स्पष्ट जवाब मांगा तो आरोपी ने शादी करने से इनकार कर दिया।
आरोपी संदीप साहू पहले से है शादीशुदा
पीड़िता का कहना है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। उसका आरोप है कि आरोपी ने यह बात उससे छिपाई और शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। इसके बाद उसने दुकान के मालिक और आरोपी के परिवार वालों से भी इस संबंध में बात की, लेकिन वहां से भी उसे सहयोग नहीं मिला।
पीड़िता ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि जब उसने अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और इंसाफ की बात कही, तो आरोपी ने उसे गाली-गलौज करते हुए जान से मारकर फेंक देने की धमकी दी। युवती ने इस धमकी के बाद अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है।
युवती कि भी हो चुकी है शादी…
मिली जानकारी के अनुसार, युवती भी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। दोनों बच्चे फिलहाल अपने पिता के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि युवती पिछले करीब तीन वर्षों से अपने पति से अलग रह रही है। वह काम के सिलसिले में रांची आई थी। पूर्व पति के संबंध में सवाल पूछने पर युवती ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
FIR के लिए थाने से SSP कार्यालय तक पहुंची युवती
पीड़िता का आरोप है कि 18 सितंबर को आरोपी के शादीशुदा होने की जानकारी मिलने के बाद वह चुटिया थाना पहुंची थी, लेकिन वहां उसकी शिकायत पर तत्काल FIR दर्ज नहीं की गई। उसने थाना प्रभारी पूनम कुजूर पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया है।
थाने में मामला दर्ज नहीं होने के बाद पीड़िता SSP कार्यालय पहुंची और अपनी शिकायत रखी। वहां SSP से बातचीत के बाद उसे दोबारा चुटिया थाना भेजा गया। पीड़िता के मुताबिक, बातचीत के बाद उसे बताया गया कि मंगलवार शाम FIR दर्ज की जाएगी।
अब पीड़िता ने अपने लिखित आवेदन में आरोपी के खिलाफ लागू कानूनी प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही जान से मारने की धमकी को भी मामले में शामिल करने और सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।
