जमशेदपुर: चांडिल थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर व्यस्त हाईवे में बाइक सवार युवकों की खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आने के बाद अब इस पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। झारखण्ड डिजिटल ने स्टंटबाजी वीडियो पर प्रमुखता से सवाल उठाया था जिसके बाद परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को युवकों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
दरअसल, हाल ही में सामने आए वीडियो में करीब एक दर्जन युवक एनएच-33 जैसे व्यस्त मार्ग पर तेज रफ्तार में बाइक चलाते और सड़क पर खतरनाक तरीके से स्टंट करते नजर आ रहे थे। हाईवे पर इस तरह की लापरवाही से सिर्फ स्टंट करने वाले युवकों की ही जान जोखिम में नहीं पड़ती, बल्कि वहां से गुजरने वाले आम लोगों और भारी वाहनों के लिए भी हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
झारखंड डिजिटल की खबर के बाद मंत्री ने लिया संज्ञान
मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी चिंता जताई गई और जमशेदपुर पुलिस (@Jsr_police) से कार्रवाई की अपील की गई। इसी के बाद परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने ऐसे युवकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा है।
अभिभावकों को बुलाकर कार्रवाई के निर्देश
निर्देश के मुताबिक, स्टंटबाजी में शामिल युवकों की पहचान कर उनके परिजनों या अभिभावकों को थाने बुलाने को कहा गया है। इसके बाद उनकी मौजूदगी में नियमों का उल्लंघन करने वाले युवकों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसका मकसद सिर्फ कार्रवाई करना नहीं, बल्कि युवाओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की गंभीरता समझाना भी है। विभाग की ओर से यह संदेश देने पर जोर है कि हाईवे पर मौज-मस्ती या स्टंट के नाम पर खुद के साथ-साथ दूसरे लोगों की जान खतरे में डालना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती का संदेश
मामले में परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया गया है। सड़क सुरक्षा का मतलब सिर्फ हादसा होने के बाद जांच या मुआवजे तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे जोखिम भरे व्यवहार को समय रहते रोकना भी उतना ही जरूरी है।
एनएच-33 पर सामने आए इस मामले में झारखंड डिजिटल की खबर के बाद परिवहन मंत्री का संज्ञान और पुलिस को कार्रवाई के निर्देश यह दिखाते हैं कि हाईवे पर नियम तोड़ने और स्टंटबाजी जैसे मामलों को अब नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ सभी सड़क उपयोगकर्ताओं से यातायात नियमों का पालन कराने पर जोर दिया जा रहा है।
इसे भी पढ़े – NH-33 पर बाइक सवारों का खतरनाक स्टंट, सड़क पर दूसरों की जान भी खतरे में
