Saturday, November 21

रांची। झारखंड स्थापना दिवस और हेमंत सोरेन सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर राज्यभर में 15 दिवसीय कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है। 15 नवंबर को ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ यानी स्वच्छता के लिए दौड़ के साथ शुरू हुए इस आयोजन का समापन 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में भव्य समारोह के साथ होगा। इस दौरान राज्यभर में खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्वच्छता अभियान और विभिन्न विकास योजनाओं से जुड़े आयोजन होंगे।

कार्यक्रम की शुरुआत 15 नवंबर को राज्य के सभी जिलों में सुबह 7 से 8 बजे तक स्वच्छता के लिए दौड़ के साथ हुई। जिलों के प्रमुख स्थलों और चौक-चौराहों से दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसका समापन प्रमुख छठ घाटों की साफ-सफाई के साथ हुआ। इस पहल का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करना और अभियान में आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना है।

स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत 17 से 25 नवंबर तक पंचायत, प्रखंड और जिला स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें खेलकूद के अलावा नाटक, नृत्य-संगीत, निबंध लेखन और अन्य रचनात्मक गतिविधियां शामिल होंगी। इन आयोजनों के जरिए स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी कला और हुनर दिखाने का मौका दिया जाएगा।

जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागियों और टीमों को 26 और 27 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिलेगा। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 28 नवंबर को मुख्य समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।

खेलगांव में तीन दिनों तक मेला और सांस्कृतिक संध्या

26 से 28 नवंबर तक खेलगांव में मेला-सह-प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल के साथ राज्य के सभी जिलों का एक-एक स्टॉल लगाया जाएगा। विभागीय स्टॉल पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, कार्यक्रमों और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी मिलेगी। वहीं, जिला स्तरीय स्टॉल पर संबंधित जिले के खास उत्पादों, पर्यटन स्थलों और आर्थिक गतिविधियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा नवाचार और नई पहलों पर आधारित विशेष स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

इसी दौरान 26 से 28 नवंबर तक प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। इसमें झारखंड की समृद्ध लोककला, परंपरा, संगीत और सांस्कृतिक विविधता की झलक देखने को मिलेगी।

28 नवंबर को योजनाओं का उद्घाटन और परिसंपत्तियों का वितरण

पखवाड़े का मुख्य समारोह 28 नवंबर को खेलगांव में आयोजित होगा। इस अवसर पर राज्य सरकार की ओर से विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण भी होगा।

इसके अलावा पंचायत, प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया जाएगा। इस तरह स्थापना दिवस पखवाड़े के जरिए सरकार स्वच्छता, जनभागीदारी, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, विकास योजनाओं के प्रचार-प्रसार और झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को एक मंच पर लाने की तैयारी में है।

Share.
Next Story
जब पीड़िता सबसे पहले BJP के दरवाजे पर पहुंची थी, तब कहां थे बड़े नेता और समाज के ठेकेदार? क्या उन्हें पता था की मामला बड़ा है इसीलिए झाड़ लिया पल्ला?
Exit mobile version