Thursday, November 26

रांची। झारखंड विधानसभा के सत्र के दौरान गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने सदन में राज्य के वित्तीय अधिकारों और केंद्र सरकार के रवैये को लेकर तीखा प्रहार किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि झारखंड किसी की कृपा या भीख में मिला हुआ राज्य नहीं है, बल्कि यह हमारे पुरखों के लंबे संघर्ष और बलिदान की देन है।

केंद्र पर राज्य के अधिकार सीमित करने का गंभीर आरोपः

विधानसभा अध्यक्ष को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन ने भारत की संघीय व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि झारखंड एक आदिवासी बहुल और खनिज संपदा से समृद्ध राज्य है, लेकिन केंद्र सरकार ने इस राज्य के वित्तीय अधिकारों को एक सीमित दायरे में समेट कर रख दिया है। उन्होंने सवाल किया कि अपने अधिकारों को पाने के लिए झारखंड को आखिर और कितना संघर्ष करना पड़ेगा? क्या राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने के लिए हमें सिर्फ केंद्र सरकार के इशारों पर निर्भर रहना होगा? उन्होंने खनिज संपदा से जुड़े राज्य के वित्तीय अधिकारों में कटौती को एक अत्यंत गंभीर विषय बताया।

वीर शहीदों और झारखंड आंदोलन को किया यादः

अपने संबोधन के दौरान कल्पना सोरेन ने झारखंड के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा कि यह कोई साधारण भू-भाग नहीं है। यह धरती भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद-भैरव, नीलांबर-पीतांबर, शेख भिखारी और ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव जैसे महान वीरों के संघर्ष और शहादत की पावन धरती है। इन सभी महापुरुषों के बलिदान के कारण ही आज इस क्षेत्र की एक स्वतंत्र और सशक्त पहचान है।

दिशोम गुरु के संघर्षों का किया विशेष जिक्रः

उन्होंने आगे कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में दशकों तक चले झारखंड आंदोलन के बाद इस अलग राज्य का सपना साकार हुआ है और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का मुख्य लक्ष्य हमेशा से राज्य के हक और अधिकारों की रक्षा करना रहा है। कल्पना सोरेन ने गर्व के साथ कहा कि हमें झारखंडी होने पर गर्व है, क्योंकि इस पहचान के पीछे त्याग और बलिदान का एक बहुत लंबा और गौरवशाली इतिहास छिपा है।

Share.
Next Story
आनंद मोहन को सुप्रीम कोर्ट का झटका, एक महीने में जेल लौटने का आदेश; बिहार सरकार का फैसला रद्द
Exit mobile version