-सलीमा टेटे की कप्तानी में भारत करेगा खिताब का बचाव, दीपिका सोरेंग समेत झारखंड की खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
भोपाल। भारतीय महिला हॉकी टीम 19 से 28 नवंबर तक भोपाल में आयोजित होनेवाली महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में चौथे खिताब के इरादे से उतरेगी। टीम की कमान झारखंड की स्टार खिलाड़ी सलीमा टेटे के हाथों में है। झारखंड की खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन के बूते भारतीय टीम लगातार तीसरी बार खिताब जीतने और टूर्नामेंट में सबसे सफल टीम बनने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी। भारतीय टीम अब तक तीन बार यह खिताब जीत चुकी है। दक्षिण कोरिया के नाम भी तीन खिताब हैं।
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित नवनिर्मित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होनेवाली इस प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें हिस्सा लेंगी। भारत अपना पहला मुकाबला 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से भिड़ेगा।
भारतीय टीम के लिए यह साल शानदार रहा है। टीम ने महिला विश्व कप क्वालिफायर और नेशंस कप का खिताब जीता। वहीं, विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया, जो 1974 के बाद उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसके बाद जापान में आयोजित एशियन गेम्स में 44 साल का इंतजार खत्म कर स्वर्ण पदक जीता।
मुख्य कोच श्योर्ड मारिज्ने के मार्गदर्शन में टीम अलग-अलग खिलाड़ियों को विभिन्न पोजिशन पर आजमाने की रणनीति के साथ उतरेगी। 27 नवंबर को सेमीफाइनल और 28 नवंबर को फाइनल व कांस्य पदक मुकाबले खेले जायेंगे।
इसे भी पढ़ें ः NTPC हादसे पर CM हेमंत सोरेन ने जताया दुख, घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश https://jharkhanddigital.com/cm-hemant-soren-expressed-grief-over-ntpc-accident-instructions-for-better-treat/
