रांची. झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षाओं में धांधली और उत्तर-पुस्तिकाओं में हेराफेरी के मामले में सीआइडी की जांच में लगातार नये खुलासे हो रहे हैं. जांच में गिरफ्तार आरोपी रविशंकर की भूमिका अहम बतायी जा रही है. आरोप है कि उसने पैसे लेकर तत्कालीन जेपीएससी अध्यक्ष के करीबी धर्मेंद्र कुमार और परीक्षा आयोजित करने वाली एजेंसियों टीडीपीएल व बिंसिस के निदेशकों के बीच बिचौलिये की भूमिका निभायी थी. उसने एजेंसियों के अधिकारियों की तत्कालीन अध्यक्ष तक पहुंच बनाने में भी मदद की थी.
प्रति अभ्यर्थी 20 लाख रुपये में तय हुआ था सौदा
सीआइडी की जांच के अनुसार, फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (FRO) और असिस्टेंट कंजर्वेटर ऑफ फॉरेस्ट (ACF) परीक्षा में अभ्यर्थियों को सफल कराने के लिए प्रति अभ्यर्थी 20 लाख रुपये की दर तय की गयी थी. इसके बाद रविशंकर ने अभ्यर्थियों की तलाश की और उनसे पैसे लेकर उनका विवरण जुटाया. आरोप है कि उसने अभ्यर्थियों की जानकारी सह-आरोपी धर्मेंद्र कुमार को उपलब्ध करायी. सीआइडी को ये जानकारियां थाना कांड संख्या 16/2026 की जांच के दौरान मिली हैं. जांच एजेंसी रविशंकर को कथित नियुक्ति और परीक्षा घोटाले में सक्रिय संगठित गिरोह की अहम कड़ी मानकर उसके खिलाफ साक्ष्य जुटा रही है.
14वीं जेपीएससी पीटी में भी सामने आयी भूमिका
जांच में एफआरओ और एसीएफ परीक्षा के अलावा 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) में भी रविशंकर की भूमिका सामने आयी है. आरोप है कि उसने इन परीक्षाओं के लिए भी अभ्यर्थियों का विवरण जुटाकर उपलब्ध कराया था.
रातू के मकान में 12 अभ्यर्थियों की लिखी गयीं उत्तर-पुस्तिकाएं
जांच में एक और गंभीर खुलासा हुआ है. एफआरओ मुख्य परीक्षा समाप्त होने के बाद रविशंकर ने पंकज प्रसून, रितिक रोशन और राजेश शंकर तिवारी समेत करीब 12 अभ्यर्थियों को रांची के रातू स्थित एक मकान में बुलाया था. आरोप है कि वहां सभी अभ्यर्थियों के मोबाइल फोन बंद करा दिये गये थे. इसके बाद किताबों और एआइ से तैयार सामग्री की मदद से उनके वैकल्पिक विषयों की उत्तर-पुस्तिकाएं अलग से लिखवायी गयी थीं. जांच के अनुसार, बाद में ये सभी अभ्यर्थी परीक्षा में सफल भी हुए.
बयानों, सीडीआर और बैंक लेन-देन को बनाया गया आधार
सीआइडी ने मामले की जांच में कई तरह के साक्ष्य जुटाये हैं. इनमें सह-आरोपी धर्मेंद्र कुमार, रामबीर सिंह, अभय कुमार तिवारी, अरुण कुमार, ब्रज कुमार राम और संजीत कुमार के बयान शामिल हैं. इसके अलावा बरामद दस्तावेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), टावर लोकेशन और बैंक खातों के लेन-देन की भी जांच की गयी है. जांच एजेंसी इन साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के बीच संबंध और कथित लेन-देन की कड़ियां जोड़ रही है.
