Friday, October 2

रांची: रांची के JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम में 9 अक्टूबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले T20 मुकाबले में अब सिर्फ 13 दिन बाकी हैं, लेकिन दर्शकों के लिए सबसे अहम जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ने अभी तक टिकटों की कीमत तय नहीं की है। इसके साथ ही ऑनलाइन टिकट बिक्री, आम लोगों के लिए टिकट उपलब्ध कराने और JSCA सदस्यों को मिलने वाले पास की तारीखें भी तय नहीं हो सकी हैं।

मैच नजदीक आने के बावजूद टिकट से जुड़ी तैयारियों में हो रही देरी ने JSCA के अंदर चल रहे मतभेदों को भी चर्चा में ला दिया है। सूत्रों के मुताबिक, टिकट की दर और कॉम्प्लीमेंटरी पास को लेकर कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (COM) के जिम्मेदार पदाधिकारियों के बीच सहमति नहीं बन पा रही है।

पिछले मैच में 18 दिन पहले तय हो गई थी पूरी प्रक्रिया

टिकट को लेकर इस बार हो रही देरी इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि 25 नवंबर 2025 को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए ODI मुकाबले से 18 दिन पहले ही JSCA ने टिकटों की दर और बिक्री से जुड़ी अहम तारीखें तय कर दी थीं।

उस समय रांची और जमशेदपुर में JSCA सदस्यों को मिलने वाले पास, ऑनलाइन टिकट बिक्री और आम दर्शकों के लिए टिकट बिक्री की तारीखों को लेकर भी निर्णय हो चुका था।

वहीं, वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबले में 13 दिन शेष रहने के बावजूद अभी तक टिकट की कीमत और बिक्री से जुड़ी पूरी जानकारी फाइनल नहीं हो पाई है।

टिकट और पास को लेकर बैठक में नहीं बन सकी सहमति

जानकारी के मुताबिक, टिकटों की कीमत और निःशुल्क या कॉम्प्लीमेंटरी पास को लेकर हुई बैठक में कुछ मुद्दों पर पदाधिकारियों के बीच मतभेद सामने आए। इसी वजह से बैठक में अंतिम निर्णय नहीं हो सका।

JSCA मुख्यालय जमशेदपुर में टिकटों की बिक्री और वितरण को लेकर भी अंदरूनी स्तर पर टकराव की स्थिति बनने की बात सामने आई है।

सोमवार तक फैसले की उम्मीद

हालांकि, सूत्रों के मुताबिक टिकट की कीमत और उसके वितरण से जुड़े अंतिम निर्णय सोमवार तक लिए जाने की उम्मीद है। इसके बाद ही दर्शकों को यह स्पष्ट हो पाएगा कि टिकट कितने रुपये में मिलेगा और उसकी बिक्री कब और किस माध्यम से शुरू होगी।

अब सवाल सिर्फ टिकट की कीमत का नहीं है, बल्कि यह भी है कि मैच में जब 13 दिन ही बाकी हैं, तो दर्शकों के लिए टिकट और पास की पूरी व्यवस्था कब तक साफ होगी?

इसे भी पढ़े – Asian Games 2026: महिलाओं के बाद अब पुरुषों ने जीता जापान में दूसरा गोल्ड

Share.
Next Story
हड़ताल के तीन दिन SBI समेत अन्य सरकारी बैंकों का फ्री रहेगा ATM ट्रांजैक्शन
Exit mobile version