JSSC-CGL परीक्षा अनियमितता मामला: अभय तिवारी की पत्नी और भाई को नहीं मिली जमानत
अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत ने खारिज की जमानत याचिका, CID ने दोनों को 19 अगस्त को किया था गिरफ्तार
रांची: जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा अनियमितता मामले में जेल में बंद TDPL के पूर्व अधिकारी अभय कुमार तिवारी के परिवार को अदालत से राहत नहीं मिली है। अभय कुमार तिवारी की पत्नी सुषमा कुमारी और उनके भाई अक्षय कुमार तिवारी की जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी है। गुरुवार को अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार की अदालत में मामले की सुनवाई हुई, जिसके बाद दोनों की जमानत अर्जी नामंजूर कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, सुषमा कुमारी और अक्षय कुमार तिवारी दोनों का चयन झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की सीजीएल परीक्षा में हुआ था। परीक्षा में कथित अनियमितता की जांच कर रही अपराध अनुसंधान विभाग (CID) की टीम ने दोनों को 19 अगस्त को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद से ही दोनों न्यायिक हिरासत में जेल में बंद हैं।
गुरुवार को उनकी ओर से अदालत में जमानत की मांग की गई थी। मामले की सुनवाई के बाद अपर न्यायायुक्त योगेश कुमार ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनते हुए जमानत याचिका खारिज कर दी। इस फैसले के बाद फिलहाल दोनों को जेल में ही रहना होगा।
