रांची: JSSC-CGL परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों ने सरकार के परीक्षा रद्द करने के फैसले के खिलाफ प्रोजेक्ट भवन के बाहर धरना शुरू कर दिया है। अभ्यर्थी लगातार सरकार से अपने फैसले पर दोबारा विचार करने और उनका पक्ष सुनने की मांग कर रहे हैं।
धरने पर बैठे अभ्यर्थियों का कहना है कि बिना उनका पक्ष सुने ही परीक्षा और नियुक्ति को लेकर इतना बड़ा फैसला लिया गया। उनका कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, वे धरना खत्म नहीं करेंगे।
अभ्यर्थियों में सरकार के फैसले को लेकर काफी नाराजगी है। उनका कहना है कि कई लोगों ने दूसरी नौकरियों के विकल्प छोड़कर झारखंड में नौकरी करने का फैसला किया था। अब नियुक्ति रद्द होने की स्थिति में उनके सामने दोबारा रोजगार की चिंता खड़ी हो गई है।
अभ्यर्थियों ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, “कल तक हम सचिवालय कर्मी थे, आज सड़क पर खड़े हैं।” उनका कहना है कि उन्होंने परीक्षा पास करने के बाद पूरी प्रक्रिया के तहत नौकरी हासिल की थी, ऐसे में बिना उनका पक्ष सुने फैसला लेना उनके साथ अन्याय है।
बारिश के बावजूद अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी है। कई अभ्यर्थी छाता लेकर धरने पर बैठे हैं और लगातार नारेबाजी कर रहे हैं।
प्रोजेक्ट भवन के बाहर प्रदर्शन को लेकर माहौल गर्म बना हुआ है। सफल अभ्यर्थी सरकार से मांग कर रहे हैं कि उनकी बात सुनी जाए और उनके भविष्य को ध्यान में रखते हुए कोई उचित समाधान निकाला जाए।
इसे भी पढ़े –प्रदीप वर्मा को BJP में बड़ी जिम्मेदारी, राष्ट्रीय सचिव बनने के बाद रांची पहुंचते ही हुआ जोरदार स्वागत
