1996 से बंद फैक्ट्री के पुनरुद्धार का डीपीआर तैयार, छह महीने में शुरू होगा काम; ‘रैनबैग’ ब्रांड के उत्पादों की फिर बाजार में वापसी की उम्मीद
रांची। करीब तीन दशक से बंद रांची के कांके स्थित ऐतिहासिक बेकन फैक्ट्री के दोबारा शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है। कृषि सचिव अबू बक्कर सिद्दीख के मुताबिक, अगले छह महीने में फैक्ट्री के पुनरुद्धार का काम धरातल पर दिखने लगेगा। वहीं, अगले वित्तीय वर्ष में यहां उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य है। सब कुछ योजना के अनुसार हुआ तो ‘रैनबैग’ (RANBAC) ब्रांड के मशहूर पोर्क उत्पाद एक बार फिर बाजार में उपलब्ध हो सकेंगे।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई गति
फैक्ट्री शुरू होने से स्थानीय पशुपालकों, खासकर सूकर पालन करने वाले किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही युवाओं, छोटे कारोबारियों और मीट कारोबार से जुड़े लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। फैक्ट्री का प्रभाव रांची तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के राज्यों और पूर्वोत्तर के बाजारों तक पहुंचने की संभावना है।
बेकन फैक्ट्री की संयुक्त निदेशक डॉ. निशि किरण वर्मा के अनुसार, इसके उत्पादों की मांग पहले झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल, बिहार, दार्जिलिंग और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी थी।
फैक्ट्री से आउटलेट तक खुलेंगे रोजगार के अवसर
सरकार की योजना फैक्ट्री शुरू होने के बाद रांची समेत कई बड़े शहरों में उत्पादों के आउटलेट खोलने की है। इससे फैक्ट्री में काम करने के अलावा पैकेजिंग, परिवहन, बिक्री और मार्केटिंग जैसे क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर पैदा होंगे। आउटलेट के जरिए स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार को भी बढ़ावा मिल सकता है।
1996 से पहले काफी मशहूर था RANBAC ब्रांड
कांके के स्थानीय निवासी शंकर गुप्ता बताते हैं कि फैक्ट्री बंद होने से पहले यहां काफी चहल-पहल रहती थी। सीजन के दौरान प्रतिदिन 100 से 150 सूकरों का प्रसंस्करण किया जाता था। ‘RANBAC’ ब्रांड के तहत सॉसेज, हैम, सलामी और कबाब जैसे उत्पाद तैयार होते थे, जिनकी मांग बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत के अलावा नेपाल और भूटान तक थी।
ICAR-NMRI के साथ समझौते के बाद बढ़ी उम्मीद
फैक्ट्री को दोबारा शुरू करने के लिए मार्च 2026 में झारखंड सरकार ने हैदराबाद स्थित ICAR-नेशनल मीट रिसर्च इंस्टीट्यूट (NMRI) के साथ समझौता किया था। इसके तहत फैक्ट्री का आधुनिकीकरण, आधुनिक मीट प्रोसेसिंग तकनीक और गुणवत्ता मानकों को बेहतर बनाने की योजना है।
जून 2026 में संस्थान की टीम ने फैक्ट्री का निरीक्षण किया था। इसमें भवन के नवीनीकरण, पुरानी मशीनों को बदलने और आधुनिक प्रोसेसिंग व्यवस्था विकसित करने की जरूरत सामने आई थी।
डीपीआर तैयार, जल्द मंत्रिपरिषद में रखा जाएगा प्रस्ताव
फैक्ट्री के शुरुआती पुनरुद्धार के लिए करीब पांच करोड़ रुपये निर्धारित किए गए थे। हालांकि, वास्तविक लागत और उत्पादन क्षमता का आकलन करने के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई है। कृषि सचिव अबू बक्कर सिद्दीख के अनुसार, डीपीआर जल्द मंत्रिपरिषद के समक्ष रखा जाएगा। अगले छह महीने में पुनरुद्धार का काम शुरू होने और अगले वित्तीय वर्ष में उत्पादन की उम्मीद है।
1966 में हुआ था शिलान्यास, 1972 में उद्घाटन
कांके स्थित बेकन फैक्ट्री का शिलान्यास 23 अगस्त 1966 को बिहार के तत्कालीन मुख्यमंत्री केबी सहाय ने किया था। वहीं, 6 फरवरी 1972 को तत्कालीन राज्यपाल देवकांत बरुआ ने इसका उद्घाटन किया था। वर्ष 1996 में कूलिंग सिस्टम और मशीनों में तकनीकी खराबी के बाद फैक्ट्री बंद हो गई। अब करीब 30 साल बाद इसके पुनरुद्धार की पहल से एक बार फिर इसके पुराने औद्योगिक गौरव की वापसी की उम्मीद जगी है।
