रांची: राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी इलाके में बुधवार रात नशे के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। निजाम नगर में ब्राउन शुगर की बरामदगी और संदिग्ध को हिरासत में लेने पहुंची पुलिस टीम के साथ कुछ लोगों ने धक्का-मुक्की की। अचानक हुए हंगामे से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना में एक टाइगर जवान को मामूली चोट आई है।
संदिग्ध को पकड़ने के दौरान शुरू हुआ विवाद
सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, रांची पुलिस ने नशे के कारोबार पर कार्रवाई के लिए एक विशेष टीम बनाई है। इसमें युवा पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। बुधवार रात टीम को सूचना मिली थी कि हिंदपीढ़ी के निजाम नगर इलाके में ब्राउन शुगर की तस्करी की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नशीला पदार्थ बेचने के संदेह में एक व्यक्ति को हिरासत में लेने का प्रयास किया। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान संदिग्ध ने एक जवान की पिस्टल निकालने की कोशिश की। जवान ने इसका विरोध करते हुए उसे पकड़ लिया।
आरोपी के शोर मचाने पर मौके पर जुटी भीड़
पुलिस के अनुसार, खुद को निर्दोष बताते हुए संदिग्ध ने मौके पर शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद उसके परिवार के सदस्यों के अलावा आसपास के कई लोग भी वहां जमा हो गए। देखते ही देखते स्थिति बिगड़ गई और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
इसी दौरान एक टाइगर जवान मामूली रूप से घायल हो गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अतिरिक्त बल को मौके पर बुलाया।
अतिरिक्त पुलिस बल ने संभाली स्थिति
झड़प और हंगामे की सूचना मिलते ही एएसपी कोतवाली के साथ हिंदपीढ़ी और कोतवाली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी के बाद अधिकारियों ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ देर बाद इलाके में हालात सामान्य हुए।
दो लोगों की पहचान, FIR की तैयारी
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पूरे मामले में दो लोगों को चिन्हित किया गया है। पुलिस अब दोनों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है। मामले में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं, बुधवार रात की घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए बने तनाव ने पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती भी खड़ी कर दी।
इसे भी पढ़े – पेट्रोल-डीजल के दाम में 38 पैसे की बढ़ोतरी, आज से रांची में महंगा हुआ ईंधन
