Monday, September 21

जिले के कुडू थाना क्षेत्र अंतर्गत सलगी गरभू टोली गांव में बुधवार सुबह एक पिता ने अपने ही बेटे की निर्मम हत्या कर दी। हत्या की वजह बनी नशे की लत को लेकर चल रही पारिवारिक कलह।

सोते हुए बेटे पर किया वार

गांव निवासी सुरेश वर्मा और उसके पुत्र संजय वर्मा के बीच पिछले एक सप्ताह से विवाद चल रहा था। संजय अपने पिता के नशे की आदत का विरोध करता था। बुधवार सुबह सुरेश नशे की हालत में घर लौटा। उस वक्त संजय कमरे में सो रहा था। मौका पाते ही सुरेश ने टांगी से सोते हुए बेटे पर वार कर दिया। गंभीर चोटों के कारण संजय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घर वालों की चीख से खुला राज़

कुछ देर बाद परिवार के सदस्यों को घटना का पता चला। कमरे में बेटे का शव देखकर स्वजनों के होश उड़ गए। तुरंत इसकी सूचना कुडू थाना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

महज एक घंटे में फरार आरोपित गिरफ्तार

वारदात के बाद सुरेश वर्मा मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आसपास के इलाकों में तुरंत छापेमारी शुरू की और करीब एक घंटे के भीतर उसे सलगी जंगल से धर दबोचा। आरोपित की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल टांगी भी बरामद कर ली गई है।

गांव में मातम, पुलिस कर रही पूछताछ

घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अजीत कुमार के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में इस हत्याकांड के पीछे पिता-पुत्र के बीच आपसी विवाद सामने आया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर घटना के सटीक कारणों की जांच में जुटी है। अनुसंधान पूरा होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।

Share.
Next Story
त्योहारी सीजन में रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत, 800 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें दौड़ेंगी
Exit mobile version