मंगलवार को आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में डीसी ने कहा कि लुगुबुरु घंटा बाड़ी संथाल समाज की गहरी धार्मिक और सांस्कृतिक आस्था का केंद्र है। यहां आयोजित होने वाला महासम्मेलन वैश्विक स्तर पर बोकारो की पहचान प्रस्तुत करता है। इसलिए आयोजन की गरिमा और परंपरा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। बैठक में पुलिस एसपी नाथू सिंह मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और आयोजन समिति के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी, पहाड़ पर भी सुरक्षा व्यवस्था
महासम्मेलन में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र, मुख्य धार्मिक स्थल और लुगु बाबा गुफा तक जाने वाले पहाड़ी रास्तों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती होगी। इसके अलावा सुरक्षा बलों के इस्तेमाल के लिए 200 टॉर्च उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
जाम से निपटने के लिए अलग पार्किंग और वन-वे व्यवस्था
पिछले आयोजन के दौरान देर रात तक यातायात जाम की समस्या सामने आई थी। इस बार इससे निपटने के लिए अस्थायी पार्किंग स्थल चिह्नित किए जाएंगे। वाहनों के ठहराव और आवागमन के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित होंगे। मुख्य सड़कों पर जरूरत के अनुसार वन-वे व्यवस्था और दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे। कार्यक्रम स्थल से आश्रम विद्यालय तक सड़क पर आवश्यकतानुसार डिवाइडर लगाने पर भी चर्चा हुई। पार्किंग और यातायात व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए आयोजन समिति और प्रशासनिक अधिकारी संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण करेंगे।
अस्थायी अस्पताल और 24 घंटे एंबुलेंस की सुविधा
श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल सहायता मिल सके, इसके लिए मेला क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस अस्थायी अस्पताल बनाया जाएगा। 24 घंटे एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। इसमें आईसीयू ऑन व्हील्स की सुविधा भी शामिल होगी। पहाड़ी रास्तों पर क्विक रिस्पांस मेडिकल टीम तैनात करने का निर्देश दिया गया है। वहीं, पेयजल के लिए टैंकर और वॉटर एटीएम लगाए जाएंगे। स्वच्छता के लिए मोबाइल टॉयलेट, नियमित फॉगिंग और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था भी की जाएगी।
श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए बनेगी टेंट सिटी
दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए वाटरप्रूफ जर्मन हैंगर टेंट सिटी तैयार की जाएगी। यहां कम्युनिटी किचन के माध्यम से भोजन की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर और अतिरिक्त पावर बैकअप की व्यवस्था की जाएगी। पहाड़ी क्षेत्रों में रोशनी का इंतजाम करने के साथ मोबाइल टावर और हाई-स्पीड वाई-फाई जोन स्थापित करने की भी योजना है, ताकि श्रद्धालुओं और मीडिया कर्मियों को कनेक्टिविटी की परेशानी नहीं हो।
लुगु पहाड़ के रास्ते को प्राकृतिक स्वरूप में ही किया जाएगा सुगम
डीसी ने लुगु पहाड़ पर मंदिर तक जाने वाले रास्ते को सुगम बनाने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि रास्ते को बेहतर बनाने के दौरान प्राकृतिक चट्टानों के स्वरूप से छेड़छाड़ नहीं की जाए। जहां रास्ता अधिक ढलान वाला या असमतल है, वहां जरूरत के अनुसार पत्थरों की मदद से आवागमन आसान बनाया जाए। रास्ते के किनारे झाड़ियों की कटाई, साफ-सफाई और आवश्यक स्थानों पर समतलीकरण कराया जाएगा।
वन विभाग को सीता नाला के आसपास साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और बैठने योग्य स्थान विकसित करने को कहा गया है। परिसर में स्थानीय और प्राकृतिक स्वरूप को प्राथमिकता देते हुए बांस के डस्टबिन और बेंच लगाए जाएंगे। पहाड़ पर चढ़ाई के दौरान श्रद्धालुओं के विश्राम के लिए अपेक्षाकृत चौड़े बांस के बेंच बनाने का निर्देश दिया गया है। वन विभाग को इन कार्यों में तेजी लाने के साथ स्वीकृत दर और गुणवत्ता का ध्यान रखने को कहा गया है।
24 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर विशेष तैयारी
महासम्मेलन के अंतिम दिन 24 नवंबर को मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए मंच और प्रोटोकॉल की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। मंच की साज-सज्जा, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रोटोकॉल, साउंड सिस्टम और स्क्रीन डिस्प्ले सहित तकनीकी इंतजाम प्रशासनिक निगरानी में किए जाएंगे। डीसी ने मुख्यमंत्री के प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाओं में किसी तरह की चूक नहीं होने देने का निर्देश दिया। साथ ही मंदिर दर्शन और पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित कतारें बनाने तथा मंच के आसपास भीड़ नियंत्रित रखने को कहा।
डीसी अजय नाथ झा ने स्पष्ट किया कि आयोजन की मुख्य जिम्मेदारी आयोजन समिति की है, जबकि जिला प्रशासन आवश्यक सहयोग, संसाधन और विभागीय समन्वय उपलब्ध कराएगा। उन्होंने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ शेष तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। बैठक में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, डीपीएलआर पूर्णिमा कुमारी, खेल पदाधिकारी हेमलता बून, एपीआरओ अविनाश कुमार सिंह, आयोजन समिति के बबली सोरेन सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।


