Sunday, September 13

रांची। सराफ परिवार के तत्वावधान में महाराजा अग्रसेन भवन, रांची में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा अमृत महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले दिन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा में शामिल हुए।

लक्ष्मी नारायण मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा

कथा के शुभारंभ से पहले सुबह 10 बजे लक्ष्मी नारायण मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। इसमें सैकड़ों महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने राजस्थानी पारंपरिक वेशभूषा में हिस्सा लिया। महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश धारण कर यात्रा में भाग लिया।

जगन्नाथधाम के कथावाचक एवं व्यास श्री दिनेश जी भारद्वाज सुसज्जित रथ पर सवार होकर कलश यात्रा में शामिल हुए। श्रद्धालुओं के जयघोष, भजन और मंगलगीतों से यात्रा का पूरा मार्ग भक्तिमय बना रहा।

कलश यात्रा के कथा स्थल पर पहुंचने के बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।

शुकदेव-परीक्षित मिलन का प्रसंग सुनाया

कथा के पहले दिन व्यास श्री दिनेश जी भारद्वाज ने श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य के साथ शुकदेव और राजा परीक्षित के मिलन का भावपूर्ण प्रसंग सुनाया।

उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं है, बल्कि यह मनुष्य को भक्ति, ज्ञान, संस्कार, सदाचार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इसके श्रवण से व्यक्ति के भीतर सकारात्मक विचारों का संचार होता है और जीवन को नई दिशा मिलती है।

शुकदेव जी और राजा परीक्षित के प्रसंग का व्यास जी ने भावपूर्ण तरीके से वर्णन किया। कथा के दौरान श्रद्धालु भावविभोर नजर आए। प्रवचन के साथ प्रस्तुत भजनों ने पूरे कथा परिसर को भक्तिरस से भर दिया।

आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन

पहले दिन की कथा के समापन पर सामूहिक आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि कथा के दूसरे दिन मंगलाचरण, शुकदेव जी के जन्म एवं पूजन तथा राजा परीक्षित के जन्म से जुड़े प्रसंगों का वर्णन व्यास श्री दिनेश जी भारद्वाज द्वारा किया जाएगा। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में शामिल होकर आध्यात्मिक लाभ लेने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में दयानंद सर्राफ, सीताराम सर्राफ, गोपाल सर्राफ, ओम सर्राफ, गिरधारी सर्राफ, पवन सर्राफ, भगवान सर्राफ, प्रदीप सर्राफ, संजय सर्राफ, दिलीप सर्राफ, संदीप सर्राफ, विक्की सर्राफ, विक्रांत सर्राफ, मनोज चौधरी, सज्जन पाड़िया, राजेंद्र अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Share.
Next Story
JSSC CGL चयनित अभ्यर्थियों ने रखी अपनी बात, बोले- दोषियों पर हो कार्रवाई, निर्दोषों की नौकरी न छीनी जाए
Exit mobile version