Tuesday, October 13

कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ। मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में करीब रात 1:45 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे और आग लगने के समय ज्यादातर लोग सो रहे थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में एक 4 साल का बच्चा भी शामिल है।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में इमारत के कई हिस्सों में धुआं भर गया। कमरों में फंसे लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। घने धुएं के कारण दम घुटने से कई लोगों की जान चली गई। मृतकों में भारतीयों के साथ बांग्लादेशी नागरिक भी शामिल बताए जा रहे हैं। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है।

करीब 80 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। इमारत में घना धुआं भरा होने के कारण राहत और बचाव टीमों को ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में काफी परेशानी हुई।

बचाव अभियान के दौरान करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल इमारत में कूलिंग का काम जारी है, ताकि दोबारा आग भड़कने का खतरा न रहे।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

पश्चिम बंगाल के फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी के मुताबिक, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। हालांकि, आग का वास्तविक कारण फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।

मंत्री के मुताबिक, इमारत में बुनियादी अग्नि सुरक्षा और निर्माण नियमों के पालन में लापरवाही से जुड़ी शिकायतें भी सामने आई हैं। इसके अलावा, यहां संचालित हो रहे होटलों के संचालन में भी कथित अनियमितताओं की जांच की जा रही है।

इमारत का मालिक फरार, जांच तेज

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद इमारत का मालिक फरार है। मामले में न्यू मार्केट थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस मालिक की तलाश में उसके घर समेत कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

फिलहाल पुलिस आग लगने की वजह के साथ-साथ इमारत में फायर सेफ्टी, निर्माण नियमों और होटल संचालन से जुड़े नियमों के पालन की भी जांच कर रही है। हादसे के बाद एक बार फिर शहर में व्यावसायिक इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था और फायर सेफ्टी मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

इसे भी पढ़े – खनिज संशोधन विधेयक पर JMM का मंथन, 20 अगस्त को केंद्रीय समिति की बैठक में तय होगी आंदोलन की रणनीति

Share.
Next Story
छात्रों के आंदोलन के बीच झारखंड सरकार का बड़ा एक्शन, 44 भर्ती परीक्षाएं रद्द
Exit mobile version