Wednesday, November 11

चतरा। वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र के घंघरी गांव में एक नाबालिग बच्ची को तीन दिनों तक घर में बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। बच्ची के अचानक लापता होने से परिजन रविवार सुबह से ही उसकी तलाश कर रहे थे। तीन दिनों तक परिवार उसकी खोज में परेशान रहा। इसी बीच बच्ची किसी तरह आरोपियों के कब्जे से निकलकर अपने घर पहुंच गई। घर लौटने के बाद उसने परिजनों को जो आपबीती सुनाई, उससे गांव में आक्रोश फैल गया।

आरोप है कि गांव के ही प्रकाश गोसाई की पत्नी सुनीता देवी और उसके सहयोगी विकास ठाकुर ने बच्ची को अपने घर में रखकर बंधक बना लिया था। तीन दिनों तक बच्ची उनके कब्जे में रही। हालांकि, किसी तरह मौका पाकर वह वहां से निकलने में सफल रही और अपने घर पहुंच गई।

बच्ची के घर लौटने और पूरी घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने आरोपित सुनीता देवी, विकास ठाकुर और सुनीता देवी की नाबालिग बच्ची को पकड़ लिया। इसके बाद तीनों को एक पेड़ से बांधकर उनके साथ मारपीट की गई।

घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के कब्जे से तीनों को मुक्त कराया और अपने साथ थाने ले गई।

थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अपहरण से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। बच्ची को एक युवक के साथ रखे जाने की बात भी सामने आई है। बच्ची की मेडिकल जांच कराई जाएगी। महिला और पुरुष से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Next Story
मोबाइल हैक कर खाते से निकाले पैसे, फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही हुई ठगी…रांची में चार लोगों के 14.87 लाख रुपये गायब
Exit mobile version