राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने रांची में की प्रेस कॉन्फ्रेंस, कहा- निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए पुलिस और सीबीआई को मिलकर करना होगा काम

रांची। झारखंड में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ लगातार सामने आ रही घटनाओं पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने गंभीर चिंता जताई है। निशा भगत की संदिग्ध मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने स्वतः संज्ञान लिया है। बुधवार को रांची में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में निशा भगत का दुनिया से चले जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। आयोग इस मामले को लेकर गंभीर है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने बताया कि निशा भगत मामले को लेकर झारखंड के डीजीपी से मुलाकात के लिए पहले ही समय मांगा गया था, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। उन्होंने गुमला में एसपी और डीएसपी से भी मुलाकात करने की कोशिश की, लेकिन वहां भी बातचीत नहीं हो पाई। आयोग की ओर से इस मामले में झारखंड पुलिस प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को पत्र भी लिखा गया है
पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
निशा भगत मामले में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि घटना के पांच दिन बीत जाने के बाद भी अब तक की कार्रवाई को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि निशा ने घटना से पहले पुलिस प्रशासन को फोन किया था। आरोप है कि पहली बार फोन काट दिया गया। अगर उस समय उसकी बात सुन ली जाती और समय रहते मदद मिल जाती, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।
उन्होंने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल शुरुआती जांच तक सीमित नहीं है। अब जब मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है, तो पुलिस प्रशासन को जांच से जुड़ी सभी आवश्यक जानकारियां और साक्ष्य उपलब्ध कराने चाहिए, ताकि निशा को न्याय मिल सके।
536 से अधिक मामले आयोग के पास लंबित
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि झारखंड से जुड़े 536 से अधिक मामले आयोग के पास लंबित हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ लगातार घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है। आयोग ने पहले भी कई मामलों में पुलिस प्रशासन से जवाब मांगा है, लेकिन कुछ मामलों में संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने रुबिका पहाड़िया और रूपा तिर्की जैसे मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीरता से काम करने की जरूरत है। उन्होंने गोंदा, सरायकेला और रांची में बच्चियों एवं महिलाओं के साथ हुई घटनाओं पर भी चिंता जताई।
प्रशासन को संवेदनशील होने की जरूरत
आयोग की अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा के लिए केवल कार्रवाई करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रशासन को संवेदनशील और जवाबदेह भी होना होगा। उन्होंने कहा कि निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए पुलिस और सीबीआई के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। यह एक सामूहिक प्रयास होना चाहिए, ताकि जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी हो और दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो सके।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी बेटी को इस तरह अपनी जान नहीं गंवानी पड़े, इसके लिए प्रशासन को समय रहते जिम्मेदारी निभानी होगी।


