रांची। विश्व बाल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को UNICEF के 10 बाल पत्रकारों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुए संवाद के दौरान बच्चों ने बाल विवाह, बाल श्रम, स्कूल छोड़ चुके बच्चों की दोबारा पढ़ाई, माहवारी स्वच्छता और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस तरह वे अपने स्कूल और समुदाय में इन समस्याओं के खिलाफ जागरूकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बच्चों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि राज्य सरकार स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार काम कर रही है। शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखने के मुद्दे की समीक्षा कर समाधान निकाला जाएगा। मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर बेहतर बनाने का प्रयास हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने और पंचायत स्तर पर खेल मैदान बनाने की योजना है। इसके अलावा जिलास्तर पर पुस्तकालयों का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अधिकारियों को अपने क्षेत्र के स्कूलों में एक दिन बिताकर विद्यार्थियों से बातचीत करने का निर्देश दिया गया है। स्कूलों में माहवारी जागरूकता अभियान चलाने के साथ बच्चियों और महिलाओं को सैनिटरी पैड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
बच्चों की आवाज को गंभीरता से सुनना जरूरी
मुख्यमंत्री ने बाल पत्रकारों के आत्मविश्वास और जागरूकता की सराहना करते हुए कहा कि बच्चे झारखंड के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके सवालों, विचारों और समस्याओं को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। सरकार सभी बच्चों को सुरक्षित और अनुकूल माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उन्हें सीखने, अपनी बात रखने और सपनों को पूरा करने के समान अवसर मिल सकें।
उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा उठाए गए मुद्दे उनके दैनिक जीवन की चुनौतियों को सामने लाते हैं। ऐसे संवाद से सरकार को यह समझने में मदद मिलती है कि योजनाओं का लाभ बच्चों तक किस हद तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने UNICEF के प्रयासों की भी सराहना की।
UNICEF ने बच्चों की भागीदारी पर दिया जोर
UNICEF झारखंड की प्रमुख डॉ. कनीनिका मित्र ने कहा कि बच्चों को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि उनके जीवन को प्रभावित करने वाले फैसलों में भागीदार बनाया जाना चाहिए। वहीं, UNICEF की कम्युनिकेशन, एडवोकेसी एंड पार्टनरशिप स्पेशलिस्ट आस्था अलंग ने कहा कि गरीबी, भौगोलिक परिस्थितियां और लैंगिक असमानता अब भी बच्चों के विकास में बाधा हैं। बच्चों को सही जानकारी, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने का मंच देना जरूरी है।
मुलाकात में बाल पत्रकार सोनू उरांव, खुशबू कुमारी, तनु कुमारी, सोफिया नुजहत, प्रियांशी बरदियार, सूरज प्रताप सिंह, पल्लवी कुमारी, साक्षी कुमारी, पंकज कुमार और प्रियांशी कुमारी शामिल हुए। मौके पर एनबीजेके की सुष्मिता भट्टाचार्य और विवेक कुमार भी उपस्थित थे।


