रांंची: राजधानी के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंदी के साथ कथित सामूहिक यौन हिंसा के मामले ने तूल पकड़ लिया है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की सीबीआई जांच कराने की मांग की है. उन्होंने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि जेल में एक पूर्व विचाराधीन बंदी के साथ तीन बार सामूहिक यौन हिंसा किए जाने, नशीला पदार्थ पिलाने, शिकायत दबाने और पीड़ित को उपचार से वंचित रखने जैसे गंभीर आरोप सामने आये हैं. इस मामले में खेलगांव थाना में कांड संख्या 0066/2026, दिनांक 12 नवंबर 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गयी है. इसमें जेल अधीक्षक, वार्ड प्रभारी, चिकित्सा अधिकारी समेत 19 लोगों को आरोपित किया गया है.
नेता प्रतिपक्ष ने जेल आईजी सुदर्शन प्रसाद मंडल सहित संबंधित अधिकारियों को तत्काल निलंबित करने और आरोपित बंदियों को दूसरे जेल में स्थानांतरित करने की मांग की है. उन्होंने अधिकारियों की संपत्ति और संभावित वित्तीय अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच कराने पर भी जोर दिया है.
मरांडी ने मई 2026 में महिला बंदी के कथित यौन शोषण के मामले और जेल में पूर्व में हुई अनियमितताओं की भी व्यापक जांच कराने की मांग की है. उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि दोषियों की जवाबदेही तय हो सके और जेलों में बंदियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने अपने पत्र में सीएम को इंगित करते हुए लिखा है कि मैंने आपको पूर्व में भी कई बार आपको होटवार जेल में हो रहे गंभीर कृत्यों और अनियमितताओं से अवगत कराया है लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि आपकी सरकार ने इन शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया. जिसके परिणामस्वरूप एक के बाद एक भयावह मामले सामने आ रहे हैं.
मई 2026 में इसी जेल की एक महिला बंदी के कथित यौन शोषण का मामला मेरे द्वारा उठाए जाने के बाद माननीय झारखंड उच्च न्यायालय ने स्वतः संज्ञान लिया था. 08 जून 2026 के अपने आदेश में न्यायालय ने जेल आईजी द्वारा प्रस्तुत जांच और राज्य के जांच एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर असंतोष व्यक्त किया था. इससे पहले भी जेल के भीतर प्रभावशाली बंदियों को विशेष सुविधाएँ दिए जाने एवं अन्य अनियमितताओं के मामले सामने आ चुके हैं.


