Thursday, November 26

रांची। झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी विधायकों ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। विधानसभा परिसर के बाहर भाजपा और आजसू के विधायकों ने एकजुट होकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और सरकार विरोधी नारे लगाए।

नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, नीरा यादव, पूर्णिमा साहू, कुशवाहा शशि भूषण मेहता और आजसू विधायक निर्मल महतो सहित कई अन्य विपक्षी विधायक शामिल हुए। विधायकों ने हाथों में विभिन्न मांगों और आरोपों से संबंधित तख्तियां ले रखी थीं।

प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और महिलाओं के खिलाफ बढ़ रही दुष्कर्म की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। इसके अलावा, उन्होंने छात्र हितों की अनदेखी, खनिज संपदा की कथित लूट और पत्रकारों पर हो रहे हमलों जैसे संवेदनशील मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विपक्षी विधायकों ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार इन मोर्चों पर पूरी तरह विफल रही है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से ठीक पहले हुए इस प्रदर्शन से विधानसभा परिसर का माहौल गरमा गया और विपक्ष ने सदन के भीतर भी इन मुद्दों पर सरकार को घेरने के स्पष्ट संकेत दिए।

Share.
Next Story
रांची में ICFAI विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह, राज्यपाल संतोष गंगवार ने की शिरकत
Exit mobile version