जमशेदपुर, 4 नवंबर: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर में मंगलवार को संस्थान के वार्षिक तकनीकी महोत्सव ओजस ’27 के 24वें संस्करण को लेकर ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्थान के ओपन एयर थिएटर (OAT) में हुए इस कार्यक्रम में महोत्सव की थीम और इससे जुड़ी आगामी गतिविधियों की जानकारी दी गई। ओजस ’27 का आयोजन 18 से 21 फरवरी 2027 तक किया जाएगा। इस बार महोत्सव की थीम ‘इटरनल एपोक – द कंटिन्यूम ऑफ इनजेन्युइटी’ निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम में जेसीएपीसीएल के प्रबंध निदेशक कपिल मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार, रजिस्ट्रार प्रो. सरोज कुमार सारंगी, फैकल्टी इंचार्ज डॉ. बसुदेबा बेहरा और डॉ. अनन्यो भट्टाचार्य भी उपस्थित रहे।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम के दौरान ओजस ’27 का परिचय कराया गया। इसके बाद संस्थान की विभिन्न तकनीकी टीमों ने अपनी उपलब्धियों, वर्तमान में चल रही परियोजनाओं और नए तकनीकी नवाचारों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में आयोजित तकनीकी प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और इंजीनियरिंग कौशल का प्रदर्शन किया। इस दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में स्टूडेंट्स काउंसिल के टेक्निकल सेक्रेटरी अनुज कुमार ने अतिथियों और संस्थान प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान में तकनीकी गतिविधियों और नवाचार की संस्कृति को मजबूत बनाने में सभी का सहयोग महत्वपूर्ण है।
