पलामू। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) के दौरान पलामू के पाटन स्थित आरके मिडिल स्कूल में प्रश्न पत्र लेकर परीक्षा केंद्र से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे एक परीक्षार्थी को गिरफ्तार किया गया है। यहां परीक्षा के दौरान एक परीक्षार्थी प्रश्न पत्र मिलने के कुछ ही मिनट बाद केंद्र से बाहर निकल गया। आरोपी की पहचान गढ़वा जिले के पाचाडूमर निवासी सुशील कुमार पाठक के रूप में हुई है। वह पारा शिक्षक के पद पर कार्यरत है।
जानकारी के अनुसार, रविवार, 1 नवंबर को परीक्षा शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद सुशील कुमार पाठक प्रश्न पत्र लेकर केंद्र से बाहर निकलने लगा। ड्यूटी पर तैनात शिक्षकों और दंडाधिकारियों ने उसे देख लिया और पकड़ लिया। वह गढ़वा क्षेत्र में तैनात है और परीक्षा देने पलामू पहुंचा था।
रविवार देर रात ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारी के आवेदन के आधार पर पाटन थाने में उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी अनिल विद्यार्थी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है। उसके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की छानबीन जारी है।
