Saturday, November 21

 आरआर प्लाजा अपार्टमेंट की पार्किंग से बंदूक बरामद, सीसीटीवी फुटेज में हथियार और गोलियों के साथ दिखे संदिग्ध; लोअर बाजार थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज।

रांची में हथियारों के साथ घूम रहे संदिग्ध लोगों का मामला सामने आया है। लोअर बाजार थाना क्षेत्र के करबला चौक स्थित होटल अलबेला बिरयानी से जुड़े लोगों पर हथियार रखने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरआर प्लाजा अपार्टमेंट की पार्किंग से एक दो नाली बंदूक बरामद की है। इस मामले में होटल संचालक के परिवार से जुड़े फैज अली समेत पांच लोगों को आरोपी बनाया गया है।

एफआईआर में दर्ज जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर 2026 को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि होटल अलबेला बिरयानी के संचालक फैयाज अली का बेटा फैज अली अपने कुछ साथियों के साथ हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद लोअर बाजार थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान आरआर प्लाजा अपार्टमेंट की पार्किंग में तलाशी ली, जहां से एक दो नाली बंदूक बरामद की गई। वहीं, अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग हथियार और गोलियों के साथ दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान पांचों आरोपी मौके से फरार हो गए।

इस मामले में लोअर बाजार थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश और मामले की जांच में जुटी है। वहीं, हथियार कहां से लाए गए थे और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है।

Share.
Next Story
झारखंड कैबिनेट की बैठक आज, सरकारी कर्मचारियों के DA में 3% बढ़ोतरी से लेकर 4 सड़कों के पुनर्निर्माण तक कई प्रस्तावों पर लगेगी मुहर?
Exit mobile version