Wednesday, November 25

खूंटी। खूंटी-रांची मुख्य मार्ग स्थित जियरप्पा हुटार के पुष्पा फ्यूल सेंटर पेट्रोल पंप पर हुई गोलीबारी के मामले में नया खुलासा हुआ है। इस वारदात में पीएलएफआई (PLFI) संगठन का नाम सामने आया है। अपराधियों ने पेट्रोल पंप पर फायरिंग करने के बाद मौके पर ‘PLFI लाल सलाम’ लिखा धमकी भरा पर्चा छोड़ा था। पुलिस ने मामले में तीन अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रंगदारी के लिए संगठन के नाम पर धमकाने और जान से मारने की नीयत से गोली चलाने का आरोप लगाया गया है।

दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, शुक्रवार रात तीन नकाबपोश अपराधी पेट्रोल पंप परिसर में पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने कार्यालय को निशाना बनाते हुए तीन राउंड फायरिंग की। इस दौरान पेट्रोल पंप में काम करने वाले घाघरा निवासी अमित कुमार (23) के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वारदात के बाद तीनों अपराधी घटनास्थल पर पर्चा छोड़कर फरार हो गए थे।

पर्चे पर लिखा PLFI लाल सलाम, जोनल कमांडर का नाम भी दर्ज

इस मामले में पुलिस को घटनास्थल से बरामद पर्चे से अहम सुराग मिला है। चार्ट पेपर पर लाल स्याही से ‘PLFI लाल सलाम’ लिखा हुआ है। इसके नीचे जोनल कमांडर राजेश यादव का नाम भी दर्ज है। पुलिस ने पर्चे को जब्त कर लिया है और इसकी जांच कर रही है। हालांकि, पर्चे में दर्ज नाम और संगठन से इसके वास्तविक संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दो खोखा और कारतूस का अगला हिस्सा बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा, कारतूस का अगला हिस्सा और धमकी भरा पर्चा बरामद किया है। प्राथमिकी में अज्ञात अपराधियों पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाने और पीएलएफआई संगठन के नाम पर रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है।

तीन नकाबपोश अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस

खूंटी थाना में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने तीनों अज्ञात अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर दी है। पुलिस वारदात से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पेट्रोल पंप पर हुई इस गोलीबारी के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। अब पुलिस के सामने अपराधियों तक पहुंचने और पर्चे के जरिए सामने आए संगठन के दावे की सच्चाई का पता लगाने की चुनौती है।

Share.
Next Story
खरना पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने दी राज्यवासियों को शुभकामनाएं, सुख-समृद्धि की कामना की
Exit mobile version