मैनपुरी से जारी हुए थे दोनों हथियार, स्थानीय प्रशासन को नहीं थी जानकारी; पूछताछ के बाद राजू तिर्की को पीआर बॉन्ड पर छोड़ा गया
मेदिनीनगर (पलामू): झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे राजू तिर्की के काफिले की जांच के दौरान दो लाइसेंसी हथियार जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों हथियार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से जारी किए गए थे। हालांकि, पलामू में इनके इस्तेमाल या मौजूदगी को लेकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस को पहले से कोई सूचना नहीं दी गई थी।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर शाम राजू तिर्की लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के बसौरा इलाके में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उनके काफिले में दो लोग बॉडीगार्ड के रूप में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को हथियारों के संबंध में जानकारी मिली, जिसके बाद कई थानों की पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर काफिले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आई लाइसेंस से जुड़ी जानकारी
पुलिस ने काफिले में शामिल वाहनों और निजी सुरक्षा में तैनात लोगों की जांच की। इस दौरान दोनों बॉडीगार्ड के पास लाइसेंसी हथियार मिले। दस्तावेजों की पड़ताल में पता चला कि दोनों हथियारों के लाइसेंस उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से जारी किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, इन हथियारों की पलामू में स्थानीय स्तर पर कोई आधिकारिक एंट्री नहीं कराई गई थी। न ही जिला प्रशासन या संबंधित स्थानीय थाने को इनके बारे में पूर्व सूचना दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने दोनों हथियारों को जब्त कर लिया और लाइसेंस सहित अन्य दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की।
पूछताछ के लिए थाने लाए गए राजू तिर्की
कार्रवाई के दौरान पुलिस राजू तिर्की को पूछताछ के लिए मेदिनीनगर टाउन थाना लेकर पहुंची। वहां उनसे
काफिले, निजी सुरक्षा कर्मियों और हथियारों से संबंधित जानकारी ली गई। पूछताछ के बाद उन्हें पीआर बॉन्ड भरवाकर छोड़ दिया गया। फिलहाल दोनों हथियार पुलिस के कब्जे में हैं और उनके लाइसेंस की वैधता की जांच की जा रही है।
हथियारों के जरिए रौब दिखाने वालों पर होगी कार्रवाई: एसपी
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने कहा कि जिले में लाइसेंसी हथियारों के बल पर दबदबा दिखाने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। राजू तिर्की के काफिले से मिले दोनों हथियारों की स्थानीय स्तर पर कोई एंट्री नहीं मिली थी और न ही पुलिस को इसकी जानकारी दी गई थी।
एसपी ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस का ध्यान दोनों हथियारों के लाइसेंस और संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन पर है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
