मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के चुनार इलाके में बाढ़ का पानी सड़क तक पहुंचने के बाद आवागमन मुश्किल हो गया है। इस बीच बाइक को पानी से निकालने का एक अनोखा तरीका सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है।
वायरल वीडियो में दो पुलिसकर्मी अपनी बाइक को एक ठेले पर लादकर पानी भरे रास्ते से गुजरते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पानी अधिक होने के कारण बाइक चलाकर निकलना जोखिम भरा था। ऐसे में स्थानीय ठेला चालकों की मदद से बाइक को ठेले पर रखकर दूसरी ओर ले जाया गया।
दरअसल, चुनार-जमुई मार्ग के लाल दरवाजा इलाके में जरगो बांध से पानी छोड़े जाने और गंगा का जलस्तर बढ़ने के कारण जलभराव की स्थिति बनी है। सरैया पुल के पास भी पानी सड़क पर पहुंच गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है।
पानी के बीच बाइक को ठेले पर ले जाने का यह जुगाड़ अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच ऐसे रास्तों से गुजरना लोगों के लिए जोखिम भरा भी हो सकता है। स्थानीय लोगों ने आवागमन के लिए बेहतर व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
