रांची: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में सोमवार को रांची में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस भवन का घेराव करने पहुंचे, तो दूसरी तरफ कांग्रेसियों ने भी डटकर उनका सामना किया। देखते ही देखते दोनों दलों के बीच नारेबाजी और विरोध-प्रदर्शन का माहौल बन गया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला स्कूल परिसर से मार्च निकाला और कांग्रेस भवन पहुंचे। हाथों में तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने खरगे के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री से माफी मांगने की मांग उठाई। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
वहीं, कांग्रेस भवन के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा के विरोध का सामना किया। खरगे की टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ विवाद इस तरह रांची की सड़कों पर दोनों दलों के बीच सियासी टकराव में बदलता नजर आया। भाजपा ने जहां खरगे के बयान को लेकर माफी की मांग की, वहीं कांग्रेस की ओर से भी विरोध के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
इससे पहले खरगे की टिप्पणी के मामले में भाजपा नेता कृष्णा कुमार सिंह ने पटना के कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी थी। वहीं, कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के उस आरोप पर भी भाजपा ने पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस के कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता के घुसने की बात कही थी।
