रांची: झारखंड में मंईयां सम्मान योजना के भुगतान को लेकर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का एक वीडियो चर्चा में है। एक समारोह के दौरान दिए गए उनके बयान में दावा किया जा रहा है कि राज्य में कई योजनाओं और विभागों के पैसे में कटौती करके मइयां सम्मान योजना की राशि दी जा रही है।
एक तरफ सरकार की योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक सहायता देने की बात है, तो दूसरी तरफ कई ऐसे लोग भी हैं जो अपने वेतन और पेंशन का इंतजार कर रहे हैं।
एक के चलते सब प्रभावित
बताते चले कि राज्य में 108 एंबुलेंस सेवा से जुड़े कर्मचारियों के वेतन भुगतान का मामला लंबित है और इसे लेकर हड़ताल भी किया जा रहा है। वहीं, आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी करीब तीन महीने से वेतन नहीं मिलने की बात सामने आई है। ऐसे में उन कर्मचारियों के सामने रोजमर्रा के खर्च, घर चलाने और परिवार की जरूरतें पूरी करने की चुनौती है, जो अपनी ड्यूटी निभाने के बाद मेहनताने का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे ना जाने कितने विभाग है जिनके वेतन लंबित है।
छह महीने से पेंशन का इंतजार, आखिर कब आएगी राशि?
दूसरी ओर, वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लाभुक भी भुगतान में देरी से परेशान बताए जा रहे हैं। धनबाद, बोकारो और रांची समेत राज्य के अलग-अलग जिलों में पेंशन लंबित रहने की शिकायतें सामने आई हैं। कुछ लाभुक तो ऐसे है जिन्हे छह महीने से पेंशन का इंतजार है।
पेंशन की रकम कई बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए सिर्फ सरकारी सहायता नहीं, बल्कि दवा, राशन और रोजमर्रा की जरूरतों का सहारा होती है। ऐसे में महीनों तक भुगतान नहीं होना उनके लिए बड़ी परेशानी बन गई है।
क्या इतना जरूरी है मंईयां सम्मान योजना ?
मइयां सम्मान योजना से महिलाओं को आर्थिक मदद मिलती है, लेकिन सरकारी योजनाओं के साथ कर्मचारियों के वेतन और पेंशन जैसी जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन भी जरूरी है। अगर दूसरे विभागों की राशि में कटौती करके योजना का भुगतान किया जा रहा है, जैसा कि मंत्री के बयान से समझा जा रहा है, तो सरकार को यह स्पष्ट करना होगा कि क्या मइयां सम्मान योजना इतना जरूरी है कि बाकी विभागों को नजरअंदाज कर दिया गया है ।
अब सवाल यह है कि क्या इरफान अंसारी के बयान ने मइयां सम्मान योजना के भुगतान की पूरी पोल खोल दी है? एक तरफ महिलाओं के खाते में सम्मान राशि पहुंच रही है, तो दूसरी तरफ एंबुलेंस कर्मी वेतन, आउटसोर्सिंग कर्मचारी मेहनताना और बुजुर्ग अपनी पेंशन का इंतजार कर रहे हैं। तो क्या मइयां सम्मान योजना का पैसा कहां से आ रहा है, यह सवाल अब खुद मंत्री के बयान ने बता दिया है।
अब देखना होगा कि लंबित पेंशन धारियों को और कर्मचारियों को वेतन कब मिलेगा ?
