Monday, October 26

धनबाद: धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। घसकोडीह निवासी 32 वर्षीय दौलत राम महतो की सोमवार सुबह धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतक के भाई साहेब राम महतो ने अपने ही परिवार के पांच लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है।

जानकारी के अनुसार, दौलत राम महतो सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे मोटरसाइकिल से फल खरीदने बाजार जा रहे थे। इसी दौरान निचितपुर जाने वाली सड़क पर उन पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि हमलावरों ने धारदार हथियार से उनका गला काट दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक के भाई साहेब राम महतो ने त्रिवेनी प्रसाद महतो, सूर्यकांत महतो, सचिन महतो, सरयू महतो और भगिया देवी पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि जमीन को लेकर परिवार के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इस मुद्दे पर अक्सर कहासुनी और झगड़े होते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले भी जान से मारने की धमकी दी गई थी।

इस मामले में त्रिवेनी प्रसाद महतो को मुख्य आरोपी बताया जा रहा है। उनके राजगंज कॉलेज में प्रोफेसर होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, हत्या में किसकी क्या भूमिका रही, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना की सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों और आरोपों की पड़ताल कर रही है।

Share.
Next Story
हजारीबाग में पूर्व मंत्री योगेंद्र साव समेत कई पर FIR, सरकारी जमीन पर कब्जे और पेड़ कटाई के आरोप
Exit mobile version