रांची: झारखंड को आर्थिक रूप से मजबूत और विकसित राज्य बनाने की दिशा में पेशेवरों ने अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया है। इसी उद्देश्य से बुधवार को रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस, झारखंड की ओर से ‘थिंक 2029 – प्रोफेशनल्स फॉर इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन’ सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, डॉक्टरों, इंजीनियरों, शिक्षाविदों, चार्टर्ड अकाउंटेंट, कानून विशेषज्ञों, उद्यमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान झारखंड की आर्थिक संभावनाओं, विकास की चुनौतियों और भविष्य की नीतियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने की। मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़, लेखक एवं स्तंभकार सुवीर सरन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश मौजूद रहे। वहीं कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। अतिथियों का स्वागत झारखंड की पारंपरिक नृत्य-संगीत प्रस्तुतियों से किया गया।
प्रोफेशनल्स की भागीदारी से बनेगा नए झारखंड का रोडमैप : मधु यास्की गौड़
ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु यास्की गौड़ ने कहा कि कांग्रेस के इतिहास में प्रोफेशनल्स की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने राहुल गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1885 में कांग्रेस की स्थापना में डॉक्टरों, वकीलों, इंजीनियरों और आर्किटेक्ट जैसे पेशेवर लोगों की अहम भूमिका थी। आज भी राष्ट्र निर्माण में प्रोफेशनल्स की विशेषज्ञता की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया गया है और अब रिपब्लिक को फिर से मजबूत करने की जरूरत है। झारखंड जल, जंगल और जमीन के साथ मानव संसाधन और प्राकृतिक संपदा से समृद्ध राज्य है। यहां विकास की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल्स के सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा। शिक्षा व्यवस्था, सिंगल विंडो सिस्टम और जल-जंगल-जमीन जैसे विषयों पर विशेषज्ञों की अलग-अलग समितियां बनाकर काम किया जाएगा।
झारखंड को संसाधन संपन्न के साथ मॉडल राज्य बनाना लक्ष्य : के. राजू
झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू ने कहा कि प्रोफेशनल्स कांग्रेस का उद्देश्य ऐसे विशेषज्ञों को एक मंच पर लाना है, जो समाज में वास्तविक बदलाव लाने की सोच रखते हैं। ऐसे लोग, जो वंचित वर्गों को सशक्त बनाने, सभी तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने तथा समानता और सामाजिक न्याय के लिए काम करना चाहते हैं।
उन्होंने आदित्य विक्रम जायसवाल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह सम्मेलन केवल दो-तीन घंटे का संवाद बनकर नहीं रहना चाहिए। आने वाले दो वर्षों में अलग-अलग विषयों पर विशेषज्ञों के साथ लगातार चर्चा की जाएगी। झारखंड की चुनौतियों को समझकर ऐसा विजन तैयार करना है, जिससे राज्य केवल प्राकृतिक संसाधनों के मामले में ही नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में भी मॉडल बन सके।
झारखंड में विजनरी लोगों की कमी नहीं : सुवीर सरन
लेखक, स्तंभकार और सार्वजनिक वक्ता सुवीर सरन ने कहा कि प्रोफेशनल्स कांग्रेस के मंच के माध्यम से उन्हें ऐसे लोगों से मिलने का अवसर मिला, जो देश के भविष्य को लेकर गंभीर सोच रखते हैं। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि 19 वर्ष की उम्र में जब वह एक गरीब छात्र के रूप में अमेरिका पहुंचे थे, तब वहां उन्हें जिस तरह का सम्मान मिला, उसके पीछे भारत के महान नेताओं की विचारधारा और दूरदर्शिता की झलक थी।
उन्होंने कहा कि आज देश को ऐसे ही दूरदर्शी लोगों की जरूरत है। सम्मेलन में मौजूद विशेषज्ञों और युवाओं की सोच देखकर उन्हें भारत के भविष्य को लेकर नई उम्मीद मिली है। देश में आज भी ऐसे महिला और पुरुष मौजूद हैं, जो युवाओं को सशक्त बनाने और राष्ट्र निर्माण की क्षमता रखते हैं।
पॉलिसी मेकिंग में प्रोफेशनल्स की भूमिका महत्वपूर्ण : शिल्पी नेहा तिर्की
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस का गठन वर्ष 2017 में किया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य प्रोफेशनल सेक्टर, हेल्थ सेक्टर और अन्य क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों को एक मंच पर लाकर नीति निर्माण की प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के अनुभव और सुझावों से सरकार को बेहतर नीतियां बनाने में मदद मिल सकती है।
पलायन रोकने और राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर : आदित्य विक्रम जायसवाल
कार्यक्रम के आयोजक और प्रदेश महासचिव सह प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने स्वागत भाषण में कहा कि झारखंड में प्रतिभा, अवसर और संसाधनों की कोई कमी नहीं है, बल्कि जरूरत सही मार्गदर्शन और बेहतर नीतियों की है। ‘थिंक 2029 – झारखंड’ का उद्देश्य प्रोफेशनल्स, चार्टर्ड अकाउंटेंट, बुद्धिजीवियों और अर्थशास्त्रियों को एक मंच पर लाकर ऐसी नीतियों का सुझाव तैयार करना है, जिससे राज्य के युवाओं को रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास, युवाओं के लिए रोजगार और घरेलू उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में ठोस पहल जरूरी है। सम्मेलन में केवल विचार-विमर्श तक सीमित रहने के बजाय नीतिगत सुझावों को धरातल पर उतारने का संकल्प लिया गया है। कार्यक्रम झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
विशेषज्ञों ने दिए विकास के लिए महत्वपूर्ण सुझाव
सम्मेलन में आयोजित पैनल डिस्कशन के दौरान झारखंड की अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की गई। पैनलिस्ट के रूप में तुलसी पटेल, रणजीत गड़ोदिया, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. संजय कुमार, विकास रंजन सहाय, शंभुनाथ चौधरी, उत्कर्ष मिश्रा, जोगेश गंभीर, सुनील कुमार मेहता, आदर्श राज, सिमरन, प्रभात अग्रवाल और अपर्णा गुप्ता ने अपने सुझाव रखे।
कार्यक्रम का संचालन प्रदेश कांग्रेस महासचिव लाल किशोर नाथ शाहदेव ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सीए भुवनेश ठाकुर, प्रभात अग्रवाल, रुद्र शुक्ला, मनीष जैन, इशिका, करिश्मा कुमारी, सिमरन कौर, अफसर इमाम, गौरव, सरवर पॉल, विकास आदित्य, अनिल सिंह और हिमांशु दामोदर प्रसाद समेत कई लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
