Wednesday, October 14

रांची: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखा है। पत्र के जरिए उन्होंने आंदोलनरत छात्र-युवाओं की समस्याओं पर संवेदनशीलता से विचार करते हुए जल्द समाधान की दिशा में पहल करने का सुझाव दिया है।

रांची महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. कुमार राजा शनिवार को राहुल गांधी का पत्र लेकर रांची पहुंचे और इसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सौंपा।

छात्रों के शांतिपूर्ण विरोध के अधिकार का किया समर्थन

राहुल गांधी ने पत्र में कहा कि शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार भारतीय संविधान और लोकतंत्र के महत्वपूर्ण आधारों में से एक है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ देशभर में आंदोलन कर रहे छात्रों को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया है।

उन्होंने झारखंड के छात्र आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य के छात्र भी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनके अनुसार, छात्रों का आंदोलन अब तक शांतिपूर्ण रहा है और उनकी मांगों पर सरकार की ओर से संवाद की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।

सरकार और छात्रों के बीच बातचीत का किया जिक्र

राहुल गांधी ने पत्र में सरकार की ओर से गठित समिति के माध्यम से छात्रों के साथ हुई बातचीत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान छात्रों की कई मांगों पर सहमति बनने की बात सामने आई है, लेकिन इसके बावजूद आंदोलन पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है।

पत्र में उन्होंने आंदोलन के दौरान कुछ छात्रों के अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर होने का भी उल्लेख किया और इसे लेकर चिंता जाहिर की।

मुख्यमंत्री से छात्रों से सीधे मिलने की अपील

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को सुझाव दिया कि वह स्वयं आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सीधी बातचीत से छात्रों की बची हुई चिंताओं को समझने और उनके समाधान की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता और मजबूत हो सकती है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री छात्रों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर उनकी मांगों पर सकारात्मक रास्ता निकालने की पहल करेंगे, जिससे लंबे समय से चल रहे आंदोलन को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।

इसे भी पढ़े – अशोकधाम मंदिर में भगदड़ से 7 महिलाओं की मौत, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान

Share.
Next Story
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती को ब्लैकमेल करने का आरोप, थाने में कार्रवाई के लिए आवेदन
Exit mobile version