Friday, October 2

पटना के ADM (आपूर्ति) रविंद्र कुमार दिवाकर और उनकी पत्नी, दानापुर की जिला सब रजिस्ट्रार कुमारी स्वाति, के ठिकानों पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने छापेमारी की है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में कोर्ट से वारंट मिलने के बाद पटना और बेगूसराय स्थित उनके आवासों समेत अन्य परिसरों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी, आभूषण और निवेश से जुड़े दस्तावेज बरामद होने की बात सामने आई है।

केस दर्ज, कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने रविंद्र कुमार दिवाकर के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। निगरानी थाना में उनके खिलाफ केस नंबर 113/26 दर्ज है। न्यायालय के आदेश और वारंट के आधार पर उनके ठिकानों पर तलाशी ली जा रही है। जांच के तहत टीम उनके पटना स्थित कार्यालय और आवास के साथ-साथ बेगूसराय के ठिकाने पर भी तलाशी ले रही है।

पटना में एक करोड़ से ज्यादा नकद बरामद

जानकारी के मुताबिक, पटना में हुई कार्रवाई में एक करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद हुई है। इसके अलावा लाखों रुपये के जेवरात, लाखों रुपये की महंगी घड़ियां और जमीन के कागजात भी मिले हैं।

बेगूसराय में 9 लाख से अधिक नकदी और सोना

निगरानी की टीम बेगूसराय शहर के पोखरिया मोहल्ले, वार्ड नंबर-37 में स्थित रविंद्र कुमार दिवाकर के पैतृक आवास पर दोपहर करीब 1 बजे पहुंची और तलाशी शुरू की। यहां अब तक 9 लाख रुपये से अधिक नकदी और लाखों रुपये मूल्य के सोने के जेवरात बरामद होने की जानकारी है। टीम फिलहाल बरामद नकदी और आभूषणों का मिलान और मूल्यांकन कर रही है। निवेश से संबंधित दस्तावेज और अन्य संपत्तियों से जुड़े कागजात भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

डीएसपी वासुदेव राय के नेतृत्व में कार्रवाई

बेगूसराय में छापेमारी पटना निगरानी के डीएसपी वासुदेव राय के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम कर रही है। डीएसपी ने बताया कि बेगूसराय स्थित ठिकाने से 9 लाख रुपये से अधिक नकदी और काफी मात्रा में सोने के आभूषण मिले हैं। उन्होंने कहा कि कार्रवाई अभी जारी है और पटना में भी टीम तलाशी कर रही है।

तलाशी जारी, बाद में सामने आएगी पूरी जानकारी

पटना और बेगूसराय स्थित परिसरों में तलाशी अभियान अभी जारी है। बरामद नकदी, आभूषण और दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच के बाद संपत्ति से संबंधित जानकारी को मामले के रिकॉर्ड से मिलाया जाएगा। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही बरामद संपत्ति और दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

पत्रकारिता से प्रशासनिक सेवा तक का सफर

रविंद्र कुमार दिवाकर ने बेगूसराय में अपने करियर की शुरुआत पत्रकारिता से की थी। वे एक अच्छे कवि और साहित्यकार के रूप में भी बेगूसराय में अपनी पहचान बना चुके थे। बाद में उन्होंने बीपीएससी परीक्षा पास की और पहले डीपीआर, फिर एसडीओ और उसके बाद एडीएम के पद पर प्रोन्नति पाकर पटना में कार्यरत थे।

इसे भी पढ़े – धनबाद में हाथी का कहर, सहायक अध्यापक की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

Share.
Next Story
गिरिडीह में ASI के बेटे की हत्या का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में खुलेंगे बाकी आरोपियों के राज
Exit mobile version