गिरिडीह: डुमरी-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर बंदरकुप्पी के पास पुलिस सहायक अवर निरीक्षक (ASI) के बेटे ऋतिक यादव की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी सतीश यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। सतीश आजसू छात्र संघ का जिला उपाध्यक्ष बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद उससे लगातार पूछताछ की जा रही है और पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार किया है।
ऋतिक यादव मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर का रहने वाला था और ASI मुसाफिर सिंह यादव का बेटा था। 24 सितंबर की रात वह अपने दोस्तों के साथ बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट गया था। इसी दौरान वहां पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह निवासी सतीश यादव भी पहुंचा। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद सतीश बराकर की ओर चला गया, जबकि ऋतिक अपने साथियों के साथ गिरिडीह की तरफ निकल गया।
रास्ते में घेरकर किया गया हमला
पुलिस के अनुसार, कुछ देर बाद सतीश अपने साथियों के साथ ऋतिक की तलाश में निकला। मैगी पॉइंट पर पता चला कि ऋतिक आगे जा चुका है। इसके बाद सतीश और उसके साथी आगे बढ़े। बदगुंदा मोड़ से पहले ऋतिक और उसके दोस्त कार के साथ मिले। आरोप है कि यहीं ऋतिक पर हमला किया गया और उसकी बुरी तरह पिटाई की गई। गंभीर रूप से घायल ऋतिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मुख्य आरोपी सतीश यादव फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू की।
एसपी ने बनाई थी विशेष टीम
हत्याकांड की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की थी। टीम में मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर ज्ञान रंजन, अवर निरीक्षक विवेक माधुरी, स्पेशल इन्वेस्टिगेशन सेल के अवर निरीक्षक मणिकांत समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और टेक्निकल सेल के कर्मी शामिल थे।
टीम ने घटना के बाद लगातार छापेमारी की और मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, एसपी को मिले एक इनपुट के आधार पर मुख्य आरोपी सतीश यादव तक पहुंच बनाई गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
सतीश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान इस हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका और उनके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है।
इसे भी पढ़े – हादसे के तीन दिन बाद भी वियतनाम में पड़ा है राजा का पार्थिव शरीर…परिवार ने लगाई सरकार से गुहार
