झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। राज्य के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस दौरान कुछ इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर भी चेतावनी जारी की है। खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, 16 से 18 सितंबर तक झारखंड के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज के साथ वज्रपात होने की संभावना है। बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। ऐसे में लोगों को मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।
19 और 20 सितंबर को भी बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 19 और 20 सितंबर को भी राज्य के कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन होने की संभावना बनी हुई है। यानी आने वाले दिनों में झारखंडवासियों को पूरी तरह बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं।
रांची में भी सुहाना रहेगा मौसम
राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहाना रहने के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है। 18 सितंबर तक रांची का अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 18 सितंबर को गरज के साथ बारिश की संभावना है, जबकि 19 और 20 सितंबर को भी रांची में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-वज्रपात के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ और बिजली के खंभों से दूरी बनाए रखें।
इसे भी पढ़े – स्टाइपेंड नहीं मिलने पर रिम्स डेंटल कॉलेज के इंटर्न छात्रों की हड़ताल, काम ठप, मरीज बेहाल
