धनबाद: जिस दिन घरों में भाई-बहन के रिश्ते का जश्न मनाया जा रहा था, उसी दिन धनबाद के एक गांव में तीन परिवारों पर ऐसा दुख टूटा कि खुशियां मातम में बदल गईं। तोपचांची थाना क्षेत्र के रंगलीटांड़ स्थित तालाब में नहाने गए तीन बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही पूरे इलाके में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, तीनों बच्चे शुक्रवार को रंगलीटांड़ के तालाब में नहाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि वे पहले भी इस तालाब में नहाते रहे थे। इसी दौरान नहाते वक्त एक बच्ची अचानक तालाब के गहरे हिस्से में चली गई और पानी में डूबने लगी।
बच्ची को डूबता देख बाकी दोनों बच्चे उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन वे भी गहरे पानी में फंस गए। कुछ ही देर में तीनों बच्चे पानी में डूब गए। तालाब के पास मौजूद लोगों को घटना की जानकारी मिली तो वहां अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने चलाया बचाव अभियान, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तत्काल तालाब में उतरे और काफी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। उनकी हालत गंभीर देखते हुए आनन-फानन में धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) ले जाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चों की पहचान रुझझल, कुंदरी और आभा के रूप में बताई गई है।
तीन घरों में मची चीख-पुकार
तीनों बच्चों की मौत की खबर जैसे ही उनके परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। बदहवास परिजन अस्पताल पहुंचे। मासूम बच्चों के शव देखकर परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था।
एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर से रंगलीटांड़ और आसपास के इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई। जिस तालाब में बच्चे अक्सर नहाने जाते थे, वही तालाब रक्षाबंधन के दिन तीन परिवारों के लिए जिंदगी भर का दर्द दे गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद तोपचांची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तालाब की गहराई और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। सवाल यह भी है कि जिस तालाब में बच्चे अक्सर नहाने जाते थे, वहां उनकी सुरक्षा को लेकर कोई इंतजाम क्यों नहीं था? फिलहाल तीन मासूमों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
इसे भी पढ़े – CISF अकाउंट्स ऑफिस में रिश्वतखोरी, तीन अधिकारी CBI के हत्थे चढ़े
