Monday, September 21

JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले से पहले सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित कराया गया है। सामाजिक कार्यकर्ता ज्योति शर्मा ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के साथ रांची जिला प्रशासन, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को ई-मेल भेजकर मैच से पहले सभी जरूरी इंतजामों की समीक्षा करने का आग्रह किया है।

झारखंड टी-20 लीग फाइनल की खामियों का हवाला

अपने पत्र में ज्योति शर्मा ने स्टेडियम में पहले आयोजित झारखंड टी-20 लीग के फाइनल का भी जिक्र किया है। उनका कहना है कि उस आयोजन के दौरान भीड़ प्रबंधन और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े कुछ मुद्दे सामने आए थे, इसलिए आगामी अंतरराष्ट्रीय मुकाबले से पहले पिछली व्यवस्था की समीक्षा कर कमियों को दूर किया जाना जरूरी है।

प्रशासन को दिए 10 सूत्री सुझाव

ज्योति शर्मा ने प्रशासन के सामने 10 बिंदुओं पर सुझाव दिए हैं। इनमें दर्शकों के लिए व्यवस्थित प्रवेश-निकास, आपातकालीन रास्तों को पूरी तरह खाली रखना, पार्किंग-यातायात नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की उपलब्धता तथा अग्निशमन व्यवस्था की जांच शामिल है। साथ ही स्टेडियम के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए विशेष सहायता, स्पष्ट सूचना बोर्ड और उद्घोषणा व्यवस्था की भी मांग की गई है।

संयुक्त बैठक और निरीक्षण की मांग

उन्होंने मैच से पहले जेएससीए, जिला प्रशासन, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त बैठक कराने का सुझाव दिया है। स्टेडियम और सुरक्षा व्यवस्था का मैच से पहले व्यापक निरीक्षण करने की बात भी कही गई है।

बड़ी संख्या में दर्शकों की संभावना, सुरक्षा जांच जरूरी

ज्योति शर्मा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की संभावना है, इसलिए मैच से पहले सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और आपातकालीन व्यवस्था को पूरी तरह जांच लेना जरूरी है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचते हुए मैच शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से कराया जा सके।

इसे भी पढ़े: तीन महीने से वेतन के इंतजार में पतरातू लेक रिसोर्ट के गार्ड, घर चलाना हुआ मुश्किल

Share.
Next Story
महगामा में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, छापेमारी के बाद मालिक फरार
Exit mobile version