रांची, 16 सितंबर: आगामी दुर्गा पूजा 2026 को लेकर रांची में तैयारियां तेज करने की कवायद शुरू हो गई है। इसी सिलसिले में रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के सदस्यों ने बुधवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री से मुलाकात की। समाहरणालय ब्लॉक-ए स्थित उपायुक्त के कार्यालय कक्ष में हुई बैठक में पूजा के दौरान शहर की व्यवस्थाओं और आम लोगों की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
समिति के सदस्यों ने पूजा के दौरान शहर की साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के साथ सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग उपायुक्त के समक्ष रखी। समिति की ओर से कहा गया कि पूजा के दौरान इन बुनियादी सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था रहने से श्रद्धालुओं के साथ आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा और उत्सव सुचारु रूप से संपन्न हो सकेगा।
समिति की मांगों को सुनने के बाद उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने उन्हें गंभीरता से लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने का भरोसा दिया। बैठक में पूजा से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने पर जोर दिया गया।
बैठक में अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) धन्यजय के अलावा रांची महानगर दुर्गा पूजा समिति के आजीवन सदस्य डॉ. अजीत सहाय, अध्यक्ष, कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र वर्मा, संजय मिनोचा, जय सिंह यादव, सागर कुमार, मो. इस्लाम, राजन वर्मा, संजय सिन्हा, उज्जवल दुबे, अमरनाथ साहू, राजू और मयंक गिरी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े – सीएम हेमंत सोरेन से मिले ऑस्ट्रेलियन काउंसलेट-जनरल, शिक्षा से निवेश तक सहयोग बढ़ाने पर चर्चा
