राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए निगम ने तय किया लक्ष्य, रोजाना 20 से 25 लाख रुपये टैक्स वसूलने का निर्देश; लापरवाही पर टैक्स कलेक्टरों का वेतन रोकने की चेतावनी
रांची: रांची नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स के बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्ती बरतने की तैयारी शुरू कर दी है। निगम ने ऐसे प्रतिष्ठानों को एक महीने के भीतर बकाया होल्डिंग टैक्स जमा करने का अल्टीमेटम दिया है। निर्धारित समय सीमा में भुगतान नहीं करने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
गुरुवार को निगम की राजस्व शाखा की समीक्षा बैठक में उप नगर आयुक्त रविंद्र कुमार ने अधिकारियों को टैक्स वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निगम की आय बढ़ाने के लिए बकाया राजस्व की वसूली को प्राथमिकता देनी होगी। इसके लिए सभी टैक्स कलेक्टरों को अपने-अपने क्षेत्रों में बड़े बकायेदारों की पहचान कर उनसे टैक्स वसूलने को कहा गया है।
समीक्षा बैठक में बताया गया कि वर्तमान में रांची नगर निगम प्रतिदिन औसतन पांच से सात लाख रुपये ही होल्डिंग टैक्स की वसूली कर पा रहा है। इस राशि को बढ़ाकर प्रतिदिन 20 से 25 लाख रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उप नगर आयुक्त ने अधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप काम करने और वसूली अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया।
लापरवाही पर टैक्स कलेक्टरों का वेतन रोकने की चेतावनी
उप नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी टैक्स कलेक्टरों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में बकायेदारों से संपर्क कर टैक्स जमा कराने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार टैक्स कलेक्शन नहीं करने वाले संबंधित टैक्स कलेक्टरों का वेतन रोका जा सकता है।
