Saturday, November 14

 बड़ा तालाब, हटनिया तालाब, धुर्वा डैम और कांके डैम की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा; बैरिकेडिंग, गोताखोरों, सीसीटीवी और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश 

रांची। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और छठ घाटों पर भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार को एसएसपी राकेश रंजन ने ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के साथ राजधानी के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों की सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी राकेश रंजन ने शहर के प्रमुख और संवेदनशील छठ घाटों में शामिल बड़ा तालाब, हटनिया तालाब, धुर्वा डैम और कांके डैम सहित कई अन्य जलाशयों का दौरा किया। इस दौरान संबंधित थानों के प्रभारी और अन्य वरीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।

अधिकारियों ने घाटों पर बैरिकेडिंग, पानी की गहराई, साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्यों से भी बातचीत की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई अहम दिशा-निर्देश दिए। जिन घाटों और डैम में पानी अधिक गहरा है, वहां मजबूत बैरिकेडिंग कराने के साथ लाल रिबन और चेतावनी बोर्ड लगाने को कहा गया, ताकि श्रद्धालु खतरे वाले स्थानों तक नहीं पहुंचें।

किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख घाटों पर गोताखोरों, नावों और एनडीआरएफ की टीमों को मुस्तैद रखने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा घाटों और वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया। इसके लिए हाई मास्ट लाइट और जेनरेटर बैकअप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।वहीं, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने को भी कहा गया है।

छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने की भी तैयारी की जा रही है। एसएसपी ने ट्रैफिक एसपी को रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने और छठ घाटों से उचित दूरी पर पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि पूजा के दौरान जाम की समस्या से बचा जा सके।

इसके अलावा घाटों पर चेन स्नेचिंग और छेड़खानी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए महिला पुलिस बल के साथ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सकेगी।

एसएसपी राकेश रंजन ने छठ पूजा समितियों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर काम करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपातकालीन स्थिति की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस नियंत्रण कक्ष को दी जाए। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान घाटों पर सुरक्षा, यातायात और अन्य जरूरी सुविधाओं को दुरुस्त रखना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के शांतिपूर्ण माहौल में भगवान भास्कर को अर्घ्य दे सकें

Share.
Next Story
HEC श्रमिक प्रदर्शन को मिला पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध सहाय का साथ
Exit mobile version