Saturday, November 21

आईआईएम रांची में रिसर्च स्कॉलर्स डे का दूसरा संस्करण आयोजित, प्रणय रॉय, नूतन मेहता और सोहिनी साहा को मिला बेस्ट पेपर अवार्ड

 

रांची। शोध का उद्देश्य केवल अकादमिक जर्नल में प्रकाशित होना या साइटेशन हासिल करना नहीं, बल्कि समाज, उद्योग और संगठनों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करना भी होना चाहिए. शोध तभी सार्थक होगा, जब उसके निष्कर्षों का इस्तेमाल शिक्षा, उद्योग, कंसल्टेंसी और सरकारी नीतियों को बेहतर बनाने में हो सकेगा. यह बातें अशोका यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. ऋषिकेश टी. कृष्णन ने सोमवार को आईआईएम रांची में आयोजित रिसर्च स्कॉलर्स डे के दूसरे संस्करण में कहीं.

 

कार्यक्रम का विषय ‘फ्रॉम स्कॉलरली इंक्वायरी टू स्ट्रैटेजिक इंपैक्ट : रीथिंकिंग मैनेजमेंट’ था. इसमें संस्थान के पीएचडी स्कॉलर्स, एग्जीक्यूटिव पीएचडी स्कॉलर्स और डॉक्टोरल प्रोग्राम के पूर्ववर्ती शोधार्थियों ने हिस्सा लिया. इस दौरान शोधार्थियों ने अपने शोध कार्य प्रस्तुत किये और विभिन्न विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान किया.

 

उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि प्रो. कृष्णन ने सक्रिय विद्वत्ता (इंगेज्ड स्कॉलरशिप) पर जोर देते हुए कहा कि शोधकर्ताओं को समाज, समुदाय और संगठनों के साथ सीधे जुड़कर शोध करना चाहिए. शोध विषय चुनने से पहले उसकी प्रासंगिकता, भविष्य में उसके प्रभाव और वास्तविक चुनौतियों के समाधान की संभावनाओं को समझना जरूरी है. उन्होंने आईआईएम बेंगलुरु के शोध का उदाहरण देते हुए बताया कि पीएचडी शोध प्रबंधन की थ्योरी को मजबूत करने के साथ वास्तविक समस्याओं के समाधान में भी योगदान दे सकता है.

 

आईआईएम रांची के निदेशक प्रो. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मैनेजमेंट रिसर्च में विभिन्न विषयों के बीच तालमेल जरूरी है. शोध का प्रभाव जर्नल और साइटेशन तक सीमित नहीं रहना चाहिए. इसका लाभ शिक्षा, कंसल्टेंसी, औद्योगिक गतिविधियों और सरकारी नीतियों में भी दिखना चाहिए. वहीं, प्रो. मनीष बंसल ने पीयर लर्निंग के महत्व को बताते हुए कहा कि यह आयोजन शोधार्थियों को अपने विचार साझा करने और शोध को बेहतर बनाने का मंच देता है.

 

कार्यक्रम में फुल पेपर प्रेजेंटेशन, पेचाकुचा 20×20 और थ्री मिनट थीसिस/पोस्टर स्लैम के तीन प्रारूपों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं. इनमें शोधार्थियों को विशेषज्ञों से प्रतिक्रिया प्राप्त करने का अवसर मिला. समापन पर फुल पेपर प्रेजेंटेशन के लिए प्रणय रॉय, पेचाकुचा 20×20 के लिए नूतन मेहता और थ्री मिनट थीसिस/पोस्टर स्लैम के लिए सोहिनी साहा को बेस्ट पेपर अवार्ड 2026 प्रदान किया गया.

 

कार्यक्रम में प्रो. अनुप्रिया खां और प्रो. अंबुज आनंद सहित अन्य शिक्षक उपस्थित थे.

Share.
Next Story
महाराजा तालाब में डॉ मृणालिनी अखौरी के छठ गीतों ने बांधा समां
Exit mobile version