रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय (SBU) के विद्यार्थियों ने नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और तकनीकी दक्षता के क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों ने एक ओर ICCI-2026 में अपने अभिनव प्रोजेक्ट ‘ई-फॉग कलेक्टर’ के लिए द्वितीय पुरस्कार हासिल किया, वहीं दूसरी ओर B.Tech कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी के विद्यार्थियों की टीम ‘कैफीन कोड’ ने IBM राष्ट्रीय हैकाथॉन-2026 के पूर्वी क्षेत्र में विजेता का खिताब अपने नाम किया।
‘ई-फॉग कलेक्टर’ को मिला दूसरा पुरस्कार
ICCI-2026 का आयोजन BIT मेसरा के कंप्यूटर विज्ञान एवं अभियांत्रिकी विभाग की ओर से किया गया था। एसबीयू की दो टीमों ने इसमें हिस्सा लिया। ‘ई-फॉग कलेक्टर’ परियोजना आयनिक पवन तकनीक के जरिए कोहरे से जल संग्रहण की अवधारणा पर आधारित है। यह जल संरक्षण और पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान की दिशा में विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच को दर्शाता है।
विजेता टीम में निखिल शर्मा, आयुष राज और आयुष कुमार सुमन शामिल रहे। टीम का मार्गदर्शन डॉ. अविनाश कुमार ने किया।
IBM हैकाथॉन में ‘कैफीन कोड’ बनी विजेता
IBM राष्ट्रीय हैकाथॉन-2026 का आयोजन 11 से 13 सितंबर तक कोयंबटूर में हुआ। एसबीयू की टीम ‘कैफीन कोड’ ने ‘बेहतर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवा के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता’ विषय पर ‘ग्रामस्वास्थ्य AI’ मंच विकसित किया। यह AI आधारित प्लेटफॉर्म ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुलभ बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।
टीम में रिया कुमारी, रिसु कुमारी, शानवी अग्रवाल और अमन कुमार शामिल रहे। टीम का मार्गदर्शन डॉ. मनोज पांडेय ने किया।
विश्वविद्यालय ने दी बधाई
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों और उनके मार्गदर्शकों को बधाई दी।
इसे भी पढ़े – केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के आवास पर विराजमान हुए गणपति बप्पा
