Monday, September 14

रांची। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर राजधानी रांची में गणपति बप्पा की भक्ति का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के रांची स्थित आवास पर भी भगवान गणेश की विधिवत स्थापना की गई। संजय सेठ ने परिजनों और स्वजनों के साथ विघ्नहर्ता एवं मंगलकर्ता भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने भगवान गणपति से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने की आरती

संजय सेठ के आवास पर आयोजित गणेश पूजा में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी शामिल हुए। उन्होंने भगवान गणेश का पूजन किया और आरती कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा वातावरण गणपति बप्पा के जयकारों से गूंज उठा।

सात दिनों तक विराजेंगे गणपति बप्पा

संजय सेठ के आवास पर स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमा अगले सात दिनों तक विराजमान रहेगी। इस दौरान प्रतिदिन सुबह और शाम आरती का आयोजन किया जाएगा। गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पूजा में शामिल होने की उम्मीद है। आयोजकों की ओर से पूजा और आरती को लेकर तैयारियां की गई हैं।

कई जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु हुए शामिल

गणपति स्थापना के अवसर पर रांची की मेयर रोशनी खलखो, डिप्टी मेयर नीरज कुमार, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू और पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। इसके अलावा रांची के सैकड़ों गणपति भक्तों ने भी पूजा में हिस्सा लिया और भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया।

गणेशोत्सव के इस आयोजन ने राजधानी में धार्मिक उत्साह और उल्लास को और बढ़ा दिया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं और पूरे उत्साह के साथ ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे लगाए।

इसे भी पढ़े –  रांची में गणेश चतुर्थी की धूम, गूंजे ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारे

Share.
Next Story
सरला बिरला यूनिवर्सिटी के छात्रों ने बढ़ाया मान, दो राष्ट्रीय मंच पर विद्यार्थियों ने रचा इतिहास
Exit mobile version