रांची: रांची जिले के मुरी ओपी क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घर से अपने सात वर्षीय चचेरे भाई के साथ निकली किशोरी का शव गांव के बाहर झाड़ियों में मिला। परिजनों ने उसके साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
चचेरे भाई के साथ निकली थी किशोरी
जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर को दोपहर बाद किशोरी अपने सात वर्षीय चचेरे भाई के साथ भैया-भाभी के घर जाने की बात कहकर निकली थी। कुछ देर बाद उसका चचेरा भाई खून से लथपथ हालत में घर पहुंचा। बच्चे की हालत देखकर परिजन घबरा गए और किशोरी की तलाश शुरू कर दी।
परिजन और ग्रामीण खोजबीन कर ही रहे थे कि शाम करीब चार बजे गांव के बाहर झाड़ियों में किशोरी का शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
घटना की सूचना मिलने पर मुरी ओपी पुलिस और सिल्ली के डीएसपी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी स्थिति
परिजनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, दुष्कर्म की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
