रांची। झारखंड स्थापना दिवस के 26वें वर्ष के अवसर पर रांची जिले में स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण, कृषि, खेल और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान जहां पंचायतों में एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ अभियान चलाया गया, वहीं ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आर्थिक सहायता दी गई। झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की जमुदाग शाखा ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत पांच महिलाओं को एक-एक लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कर प्रदान किया।
पांच महिलाओं को मिला पांच लाख रुपये का मुद्रा ऋण
झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक की जमुदाग शाखा की ओर से प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) के तहत पांच दीदियों को कुल पांच लाख रुपये का ऋण दिया गया। कार्यक्रम में प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) सोनाहातू सुनील कुमार राणा, शाखा प्रबंधक दीपक कुमार, सीएलसी ललित चंद्र महतो और बैंक सखी उमा देवी मौजूद रहीं। अधिकारियों ने महिलाओं को ऋण राशि का उपयोग छोटे व्यवसाय शुरू करने और अपनी आजीविका मजबूत करने में करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, तमाड़ प्रखंड के सारजमडीह पंचायत के बारलंगा गांव में जय मां लक्ष्मी सखी मंडल को मुख्यमंत्री ट्रैक्टर वितरण योजना के तहत ट्रैक्टर उपलब्ध कराया गया। इससे समूह की महिलाओं को कृषि कार्यों में सुविधा मिलने की उम्मीद है। अनगड़ा प्रखंड की जीवन फूल महिला समिति, बुधिबेरा की महिलाओं ने करीब 30 डिसमिल जमीन पर गेंदा फूल की खेती कर अब तक लगभग 42 हजार रुपये की बिक्री की है।
प्लास्टिक मुक्त पंचायत के लिए चलाया गया अभियान
पखवाड़े के तहत जिले की सभी पंचायत समितियों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, सार्वजनिक स्थलों, दुकानों और हाट-बाजारों में एकल उपयोग प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया गया। लोगों को प्लास्टिक मुक्त पंचायत बनाने की शपथ दिलाई गई। दुकानदारों और विक्रेताओं को प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने तथा जूट के थैलों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। पंचायतों में प्लास्टिक कचरे के संग्रहण और पृथक्करण का अभियान भी चलाया गया। इस दौरान पंचायत स्तर के परंपरागत पदधारकों को सम्मानित किया गया।
कृषि और पशुपालन को बढ़ावा देने की पहल
झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) की ओर से जिले के सभी प्रखंडों में महिला समूहों और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की गईं। ओरमांझी प्रखंड के एदलहातू पंचायत में सखी मंडल की महिलाओं को कृषि किट वितरित किए गए। रातू के सामुदायिक प्रशिक्षण केंद्र में पांच दिवसीय बदलाव माचा प्रशिक्षण चल रहा है, जिसमें 17 मॉड्यूल के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें प्रतिभागियों ने नशामुक्ति की शपथ भी ली।
जिले में कुल 3,801 बकरियों का टीकाकरण किया गया। वहीं, लाभुक महिलाओं ने 10 हजार FPO से कुल 270 बत्तख के चूजों की खरीदारी की। इसके अलावा 126 स्वयं सहायता समूहों (SHG) के कट-ऑफ और 63 ग्राम संगठनों (VO) के ट्रांजेक्शन शिविर आयोजित किए गए। कांके प्रखंड के नेवरी क्लस्टर लेवल फेडरेशन को छह लाख रुपये की सामुदायिक निवेश निधि दी गई। आधार आधारित ई-केवाईसी अभियान के तहत करीब 2,238 लाभार्थियों का ई-केवाईसी पूरा किया गया।
मोरहाबादी में 200 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 200 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में तीरंदाजी, गुलेल, सिकोरा, भारा दौड़, फुटबॉल, वॉलीबॉल और हॉकी जैसी स्पर्धाएं शामिल रहीं। चयनित खिलाड़ी प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में रांची का प्रतिनिधित्व करेंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त संजय भगत ने किया। इस मौके पर प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, खेल निदेशालय के उपनिदेशक निर्भय सिंह, उपसचिव जयप्रकाश करमाली समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे।
रबी फसल की तैयारी पर किसानों के साथ मंथन
रामकृष्ण मिशन आश्रम के सभागार में जिला स्तरीय रबी कर्मशाला-सह-खेत बचाव अभियान-2026 आयोजित किया गया। इसमें करीब 250 किसानों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में जिले की कृषि-जलवायु, भौगोलिक स्थिति और मानसून को ध्यान में रखते हुए रबी फसल की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। प्रखंडों को रबी फसल उत्पादन का लक्ष्य आवंटित किया गया और जिला स्तरीय रबी कर्मशाला पत्रिका-2026 का विमोचन किया गया। कृषि वैज्ञानिक मनोज कुमार ने फसल योजना और प्रबंधन की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने खेत बचाने की शपथ भी ली।
स्कूलों में सफाई और जागरूकता कार्यक्रम
पखवाड़े के दौरान जिले के विभिन्न विद्यालयों में स्कूल और कक्षा सफाई अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने खुद परिसर और कक्षाओं की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। बच्चों को हाथ धोने की सही विधि का प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही पेंटिंग प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए बच्चों को झारखंड की परंपरा और संस्कृति से जोड़ा गया।
13 प्रखंडों में लगाए जा रहे रक्तदान शिविर
ग्रामीण क्षेत्रों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से JSLPS की ओर से जिले के 13 प्रखंडों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अनगड़ा, कांके, मांडर और सिल्ली में 23 नवंबर को, बेड़ो, चान्हो और रातू में 25 नवंबर को, बुंडू और नामकुम में 26 नवंबर को तथा ओरमांझी, लापुंग, सोनाहातू और तमाड़ में क्रमशः 26 और 27 नवंबर को शिविर आयोजित किए जाने हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, स्थापना दिवस पखवाड़े के तहत आयोजित ये कार्यक्रम ग्रामीण आजीविका, महिला सशक्तीकरण, स्वच्छता, शिक्षा, कृषि और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।
