Wednesday, November 25

कभी कोलियरी क्षेत्र में कंपनी को बनाया निशाना तो अब बरही के AK होटल के पास की ताबड़तोड़ फायरिंग, हर वारदात के बाद धमकी भरा पर्चा छोड़कर फैला रहे दहशत

हजारीबाग। गोलीबारी करो, घटनास्थल पर गैंग के नाम का पर्चा छोड़ो और फिर आराम से फरार हो जाओ। हजारीबाग में इन दिनों राहुल दुबे गैंग के नाम पर अपराधियों का कुछ ऐसा ही तरीका सामने आ रहा है। जिले में लगातार गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं। कभी कोलियरी क्षेत्र में किसी कंपनी को निशाना बनाया जा रहा है, तो कभी सार्वजनिक स्थानों के आसपास फायरिंग कर दहशत फैलाई जा रही है। हर वारदात के बाद राहुल दुबे गैंग के नाम का पर्चा छोड़ना अपराधियों के इस तरीके को और गंभीर बना रहा है। वहीं, लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद पुलिस अब तक इस गिरोह की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश नहीं लगा पाई है।

ताजा मामला बरही का है। शुक्रवार देर शाम स्टेशन रोड स्थित AK होटल के पास अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने घटनास्थल पर राहुल दुबे गैंग के नाम का एक पर्चा फेंका और फरार हो गए। पूरी घटना होटल के पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरीय पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही गोलीबारी के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले कोलियरी क्षेत्र में भी एक कंपनी पर खुलेआम फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया गया था। उस घटना के बाद भी गैंग के नाम का पर्चा छोड़कर दहशत फैलाने का मामला सामने आया था। अब बरही में AK होटल के पास हुई गोलीबारी ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं से अपराधियों के बढ़ते हौसले का अंदाजा लगाया जा सकता है। अपराधी वारदात को अंजाम देने के बाद गैंग के नाम का पर्चा छोड़कर फरार हो जा रहे हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक गोलीबारी और धमकी भरे पर्चों के जरिए हजारीबाग में दहशत फैलाने का यह सिलसिला जारी रहेगा? पुलिस कब इस गिरोह के नेटवर्क तक पहुंचकर ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह रोक लगा पाएगी? फिलहाल बरही की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Share.
Next Story
बोकारो DC की पहल से दुर्गरीधार में पेयजल सुविधा की जगी उम्मीद, जल जीवन मिशन के तहत घरों तक पहुंचेगा नल से पानी
Exit mobile version