रांची, 9 अगस्त 2026: श्री जीण माता प्रचार समिति रांची की ओर से रविवार को जीण माता का सावन सिंधारा उत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। हरमू रोड स्थित मारवाड़ी भवन परिसर में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में करीब 700 महिला श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3 बजे भगवान श्री गणेश के आह्वान के साथ हुई। इसके बाद मुख्य संयोजक विजय पालडीवाल एवं परिवार की ओर से जीण माता की ज्योत प्रज्ज्वलित की गई।
भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
सावन सिंधारा उत्सव में गुजरात से पहुंचीं भजन गायिका आशा वैष्णव ने अपनी भजनों की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। उनके भजन ‘आज म्हारी माताजी फुटरा में प्यारी लागे’ पर पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। उनका साथ पुरुलिया से पहुंचीं शीतल कटारुका ने दिया। भजन संध्या के दौरान माता की विभिन्न झांकियां भी प्रस्तुत की गईं।
64 योगिनी स्वरूप की झांकी ने खींचा ध्यान
कार्यक्रम में जीण माता के विभिन्न स्वरूपों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इनमें माता के 64 योगिनी स्वरूप की झांकी ने विशेष रूप से श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। इस दौरान माता को सुंदर चुनरी, गजरा और मेहंदी अर्पित कर विशेष श्रृंगार किया गया।
महाआरती के साथ हुआ समापन
भजन संध्या का समापन रात 8 बजे पंडित रवि शास्त्री द्वारा कराई गई महाआरती के साथ हुआ। समिति के अनुसार, कार्यक्रम विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं के लिए आयोजित किया गया था। आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल, उपाध्यक्ष विजय पालडीवाल, सचिव नारायण विजयवर्गीय, कोषाध्यक्ष बजरंग सोमानी और सह सचिव प्रदीप शर्मा समेत समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों का योगदान रहा।
इस अवसर पर संदीप शर्मा, रमेश सोमानी, विनोद अग्रवाल, सविता शर्मा, सुनीता मित्तल, कविता सोमानी, एकता शर्मा, नेहा शर्मा, शीतल अग्रवाल, नेहा सिंघानिया, संगीता अग्रवाल, निधि विजयवर्गीय और ऋतु शर्मा समेत कई सदस्य मौजूद रहे।


