नई दिल्ली, 03 सितंबर 2026। केंद्र सरकार ने देश के प्रमुख अर्धसैनिक बलों — CRPF, BSF, CISF और इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) — में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए छह वरिष्ठ IPS अधिकारियों की नियुक्ति स्पेशल डायरेक्टर जनरल और स्पेशल डायरेक्टर के पदों पर की है। कैबिनेट की नियुक्ति समिति (Appointments Committee of the Cabinet – ACC) ने गृह मंत्रालय के इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यह आदेश कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अधीन कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा बुधवार को जारी किया गया।
यह नियुक्तियां गृह मंत्रालय के 12 अगस्त 2026 के संदर्भ पत्र (OM No. I-21019/04/2026-IPS-III) के आधार पर की गई हैं।
किन अधिकारियों को मिली कौन सी जिम्मेदारी
संदीप खिरवार (IPS, हरियाणा कैडर, 1995 बैच) को CRPF में अपर महानिदेशक (ADG) के पद से पदोन्नत कर स्पेशल डायरेक्टर जनरल, CRPF बनाया गया है। यह नियुक्ति पदभार ग्रहण करने की तारीख से उनकी सेवानिवृत्ति यानी 31 मई 2033 तक या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगी।
पुनीत रस्तोगी (IPS, त्रिपुरा कैडर, 1995 बैच) को BSF में ADG से स्पेशल डायरेक्टर जनरल, BSF नियुक्त किया गया है। उनका कार्यकाल 30 जून 2030 तक या अगले आदेश तक रहेगा।
सतीश श्रीरामजी खंडारे (IPS, AGMUT कैडर, 1995 बैच) को भी BSF में स्पेशल डायरेक्टर जनरल के पद पर नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के लिए BSF में पहले अस्थायी रूप से घटाए गए इस पद को दोबारा बहाल किया गया है। उनका कार्यकाल 30 जून 2031 तक निर्धारित है।
पद्माकर एस रानीपसे (IPS, ओडिशा कैडर, 1995 बैच) को CISF में ADG के पद से ‘इन-सीटू’ आधार पर स्पेशल डायरेक्टर जनरल के तौर पर अस्थायी रूप से पदोन्नत किया गया है। यह व्यवस्था उनकी सेवानिवृत्ति यानी 31 मई 2028 तक लागू रहेगी।
राजेश कुमार (IPS, AGMUT कैडर, 1995 बैच) को CRPF में ‘इन-सीटू’ आधार पर स्पेशल डायरेक्टर जनरल नियुक्त किया गया है, जिसका कार्यकाल पदभार ग्रहण की तारीख से दो वर्षों के लिए होगा।
जग मोहन (IPS, बिहार कैडर, 1995 बैच) को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में अपर निदेशक के पद से पदोन्नत कर स्पेशल डायरेक्टर, IB बनाया गया है। उनका कार्यकाल 30 जून 2031 तक रहेगा।
पे मैट्रिक्स और अन्य प्रावधान
सभी छह नियुक्तियां पे मैट्रिक्स के लेवल-16 पर की गई हैं और संबंधित अधिकारी द्वारा पदभार ग्रहण करने की तारीख से प्रभावी मानी जाएंगी। कुछ नियुक्तियां स्थायी आधार पर हैं, जबकि CISF और CRPF में की गई दो नियुक्तियां ‘इन-सीटू’ आधार पर अस्थायी उच्चीकरण के जरिए की गई हैं।
आदेश पर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की निदेशक एनीज़ कनमणि जॉय के हस्ताक्षर हैं।
